7:49 pm Saturday , 12 September 2026
BREAKING NEWS

सड़क में गड्ढे या गड्ढों में सड़क? PWD की अनदेखी से कराह रहा आंवला-बदायूं मार्ग

सड़क में गड्ढे या गड्ढों में सड़क? PWD की अनदेखी से कराह रहा आंवला-बदायूं मार्ग

डबल इंजन सरकार के विकास के दावों को मुंह चिढ़ा रहे साप्ताहिक बाजार चौराहे के गहरे गड्ढे

कुंवरगांव संवाददाता

कुंवरगांव। नगर के साप्ताहिक बाजार चौराहे के निकट आंवला-बदायूं मार्ग की मुख्य सड़क इन दिनों सड़क कम और गड्ढों का जाल अधिक नजर आ रही है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और जलभराव राहगीरों के लिए मुसीबत बन चुके हैं। हालत यह है कि इस मार्ग से गुजरने वाला हर वाहन हिचकोले खाने को मजबूर है और लोगों को हर समय हादसे का खतरा बना रहता है।

सड़क की हालत देखकर राहगीर भी अनायास कह उठते हैं—सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क? बड़े-बड़े गड्ढों के साथ कई स्थानों पर मिट्टी धंस गई है। जलभराव के कारण गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है। इससे वाहन चालकों को परेशानी के साथ वाहनों के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना रहता है।

स्कूली बच्चों की राह भी जोखिम भरी

इस मुख्य मार्ग से आसपास के गांवों और नगर के बच्चे स्कूल जाने के लिए साइकिल, पैदल और स्कूल वैन से गुजरते हैं। ऐसे में बदहाल सड़क बच्चों की आवाजाही के लिए भी जोखिम पैदा कर रही है। मार्ग की दुर्दशा के चलते अक्सर लोग गिरकर चोटिल हो जाते हैं।

PWD की नजर आखिर कब पड़ेगी?

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क लंबे समय से खराब पड़ी है, लेकिन PWD विभाग की नजर मानो इन गड्ढों तक पहुंच ही नहीं पा रही है। लोगों का सवाल है कि आखिर जिम्मेदार विभाग इस मुख्य मार्ग की सुध कब लेगा? क्या सड़क की मरम्मत के लिए किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है?

डबल इंजन सरकार के दावों को मुंह चिढ़ा रहे गड्ढे

सरकार की ओर से विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन कुंवरगांव की यह सड़क उन दावों की जमीनी तस्वीर सामने रख रही है। डबल इंजन की सरकार है, मगर सड़क की हालत देखकर लगता है कि कुंवरगांव की इस सड़क का इंजन ही लंबे समय से बंद पड़ा है।

कुंवरगांव से साप्ताहिक बाजार और आंवला की ओर जाने वाला यह महत्वपूर्ण मार्ग हजारों लोगों के आवागमन का जरिया है। लोगों को बाजार तक पहुंचाने वाली सड़क खुद अपनी बदहाली की दुहाई दे रही है, लेकिन जिम्मेदारों का ध्यान अब तक इस ओर नहीं गया है।

लोगों में सड़क की बदहाली को लेकर आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और गड्ढों को भरवाकर आवागमन सुरक्षित कराने की मांग की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस