7:38 pm Saturday , 12 September 2026
BREAKING NEWS

मैनपुरी में मानसून ने दिया धोखा, आगरा मंडल में सबसे कम बारिश

मैनपुरी में मानसून ने दिया धोखा, आगरा मंडल में सबसे कम बारिश।

आगरा मंडल में इस मानसून बारिश का ग्राफ बेहद असमान रहा। मथुरा में 37% और मैनपुरी में 39% कम बारिश दर्ज की गई, जबकि फिरोजाबाद में 31% ज्यादा पानी बरसा।

मैनपुरी 12 सितंबर।

इस साल मानसून आगरा मंडल पर मेहरबान नहीं रहा। मंडल के चार जिलों में बारिश का आंकड़ा बेहद असमान रहा। सबसे खराब स्थिति मैनपुरी जिले की रही, जहां सामान्य से 39 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।

भारतीय मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 8 सितंबर तक मैनपुरी में केवल 353.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 575.1 मिलीमीटर होनी चाहिए थी। यानी जिले में सामान्य से 221.5 मिलीमीटर कम पानी बरसा। मंडल में मैनपुरी की स्थिति मथुरा से भी ज्यादा खराब रही।

मथुरा में इस दौरान 275.3 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि सामान्य 439.9 मिलीमीटर है। यहां 164.6 मिलीमीटर यानी 37% कम बारिश हुई।

वहीं इसके उलट आगरा और फिरोजाबाद में बादल जमकर बरसे। आगरा में 498.6 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि सामान्य 472.8 मिमी है। फिरोजाबाद में तो मानसून बेहद मेहरबान रहा। यहां 665.3 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य 508.7 मिमी है। यानी 31 फीसदी अधिक बारिश। अधिक बारिश के मामले में फिरोजाबाद प्रदेश में नौवें स्थान पर रहा।

मंडल से सटे एटा में 681.3 मिमी बारिश हुई जो सामान्य 446.1 मिमी से 53% अधिक है, जबकि कासगंज में 550.3 मिमी बारिश हुई जो सामान्य 596.3 मिमी से 8% कम रही।

कम बारिश का असर खेती पर भी दिखेगा। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि कम बारिश होने से खरीफ की फसलों पर थोड़ा-बहुत प्रभाव पड़ सकता है। खासकर धान की फसल के शुरुआती दिनों में भरपूर पानी और नमी की जरूरत होती है। मानसूनी बारिश कम होने से धान की रोपाई और उसकी बढ़वार पर सीधा असर पड़ता है। हालांकि फसल कटाई के दौरान इसका सटीक आकलन किया जा सकेगा।

मैनपुरी से अरुण कुमार की रिपोर्ट।

विज्ञापन एक्सप्रेस