2:46 pm Saturday , 12 September 2026
BREAKING NEWS

रसूलपुर नगला में लगा आयुष्मान कार्ड शिविर, 13 ग्रामीणों के बने कार्ड; पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने पर जोर

बदायूं

रसूलपुर नगला में लगा आयुष्मान कार्ड शिविर, 13 ग्रामीणों के बने कार्ड; पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने पर जोर

केशव गुप्ता

उसावां, बदायूं। विकासखंड उसावां क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर नगला में स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत सचिवालय में आयोजित शिविर के दौरान 13 ग्रामीणों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर योजना का लाभ उठाया।
आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा मिलती है। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव-गांव अभियान चलाकर पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। शिविर में विशेष रूप से 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों, अंत्योदय कार्ड धारकों तथा पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों के कार्ड बनाए गए। अभियान में छह यूनिट वाले कार्ड धारक भी शामिल रहे।
शिविर के दौरान ग्राम प्रशासक (प्रधान) पति नवीजमा खान, राशन डीलर पति बलवीर सिंह राठौर, आशा कार्यकर्ता अजीम वी और पूजा सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मधु शर्मा व फातमा बेगम प्रमुख रूप से मौजूद रहीं। आशा कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों को शिविर की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया।
ग्रामीणों ने गांव में ही शिविर लगाए जाने की सराहना करते हुए कहा कि इससे उन्हें दूर जाने की परेशानी से राहत मिली है और आसानी से आयुष्मान कार्ड बनवाने की सुविधा मिल रही है।
उसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीपीएम मुस्तजाब अली ने बताया कि आयुष्मान कार्ड बनाने का अभियान ब्लॉक के अलग-अलग गांवों में लगातार चलाया जा रहा है। पात्र लोगों के निःशुल्क कार्ड बनाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विशेष रूप से 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाने पर जोर दिया जा रहा है। अभियान में आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वयं सहायता समूहों का भी सहयोग लिया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से ग्रामीणों से अपील की गई कि पात्र परिवार इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने परिवार को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने के लिए आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं।

विज्ञापन एक्सप्रेस