बदायूं में गंगा खतरे के निशान से 16 सेमी ऊपर, कादरचौक क्षेत्र में बाढ़ का खतरा बढ़ा।

बदांयू 12 सितंबर।
बदायूं में गंगा का जलस्तर बढ़ने से कादरचौक क्षेत्र में बाढ़ का खतरा फिर बढ़ गया है। भदरौल में पुल के ऊपर तक गंगा का पानी पहुंच गया है, जिससे लोगों के आने-जाने पर असर पड़ रहा है।
आसपास के भूड़ा भदरौल, जैतपुर पुख्ता, गनियाई, गुलाबगंज और ननाखेड़ा समेत कई गांवों में भी बाढ़ का पानी घुस गया है।
बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार, शुक्रवार शाम छह बजे कछला में गंगा का मीटरगेज 162.56 मीटर रिकॉर्ड किया गया। खतरे का निशान 162.40 मीटर है, यानी गंगा खतरे के निशान से 16 सेंटीमीटर ऊपर बह रही थी। जलस्तर बढ़ने से कादरचौक क्षेत्र के निचले इलाकों में पानी फैलने लगा है। भदरौल पुल पर पानी आने से रास्ते पर भी परेशानी खड़ी हो गई है।
बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार, शुक्रवार शाम छह बजे नरौरा बैराज से 86,985 क्यूसेक, बिजनौर बैराज से 63,839 क्यूसेक और हरिद्वार से 72,583 क्यूसेक पानी डाउनस्ट्रीम छोड़ा जा रहा था। इससे गंगा के जलस्तर में आगे भी उतार-चढ़ाव बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस तरह पानी बढ़ रहा है, उससे खेतों के साथ गांवों के रास्तों पर भी असर पड़ रहा है। भदरौल पुल पर पानी आने से आसपास के गांवों का आवागमन प्रभावित होने की आशंका है। प्रशासन और बाढ़ विभाग की टीमें जलस्तर पर लगातार नजर रख रही हैं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


