मैनपुरी -मंदिर की जमीन पर कब्जे का आरोप, विरोध पर ग्रामीणों को जान से मारने की धमकी।
ग्रामीणों ने बेवर थाने में दी तहरीर, कार्रवाई न होने पर DM से लगाई गुहार।
मैनपुरी 11 सितंबर।
बेवर थाना क्षेत्र के ग्राम चिंराबर में मंदिर की जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों ने कुछ दबंगों पर मंदिर की जमीन हड़पने का आरोप लगाया है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव स्थित मंदिर की जमीन लंबे समय से पूजा-पाठ और धार्मिक कार्यों के लिए उपयोग में आ रही है। आरोप है कि गांव के ही कुछ लोग इस जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। जानकारी मिलने पर जब ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया तो आरोपी पक्ष विवाद पर आमादा हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि आरोपियों ने विरोध कर रहे लोगों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी है, जिससे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो विवाद बढ़ सकता है।
मामले को लेकर ग्रामीणों ने पहले बेवर थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद ग्रामीण एकजुट होकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने मांग की है कि मंदिर की जमीन की राजस्व अभिलेखों के आधार पर पैमाइश कराई जाए। यदि अवैध कब्जे का प्रयास पाया जाता है तो जमीन को तत्काल कब्जा मुक्त कराया जाए और धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल ग्रामीण प्रशासन से कार्रवाई की उम्मीद लगाए हुए हैं। राजस्व जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अरूण कुमार की रिपोर्ट
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


