बदायूं में मेंथा ऑयल पर हुआ अनोखा शोध: किसानों को मिलेगा उचित दाम, मिलावटी खाद्य पदार्थों से बचाव पर फोकस
बदायूं। आवास विकास स्थित राजकीय महाविद्यालय बदायूँ में भौतिक विज्ञान विभाग में “फिजिको केमिकल स्टडी ऑफ मेंथा ऑयल एट डिफरेंट टेंपरेचर्स इन बदायूं डिस्ट्रिक्ट” विषय पर शोध छात्रा रूपा ने डॉ संजीव राठौर के निर्देशन में शोध कार्य पूर्ण किया। प्राचार्य डॉ श्रद्धा गुप्ता की अध्यक्षता में सेमिनार आयोजित कर शोध का प्री-प्रेजेंटेशन विधिवत रूप से संपन्न हुआ।
प्रेजेंटेशन के दौरान शोध छात्रा रूपा ने बताया कि मेंथा प्रोडक्शन की दृष्टि से बदायूं देश के मुख्य 10 शहरों में स्थान रखता है। यह शोध समाज और किसानों दोनों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। शोध से बदायूं के किसानों को मेंथा की खेती का उचित मूल्य दिलाने में मदद मिलेगी।
रूपा ने अपने शोध में एक चिंताजनक तथ्य भी उजागर किया। उन्होंने बताया कि बाजार में विभिन्न कंपनियों द्वारा कृत्रिम रूप से बनाए जा रहे चॉकलेट, टॉफी, केक, आइसक्रीम एवं अन्य खाद्य पदार्थों और रेडीमेड सब्जियों में किसी न किसी रूप में मेंथा ऑयल का प्रयोग किया जा रहा है, जो समाज में लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है। इस शोध के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता पैदा करने का कार्य किया जाएगा।
प्रेजेंटेशन के दौरान प्राचार्या डॉ. श्रद्धा गुप्ता एवं भौतिक विज्ञान के प्राध्यापक डॉ. संजीव राठौर ने शोध के मुख्य बिंदुओं पर गहन चर्चा की और शोध की सराहना की।
इस अवसर पर राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार जायसवाल, गणित के प्राध्यापक डॉ. सचिन कुमार, समाजशास्त्र की विभागाध्यक्ष डॉ. बबीता यादव, डॉ. सतीश सिंह यादव, रसायन विज्ञान की विभागाध्यक्ष डॉ. सारिका शर्मा, अंग्रेजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजधन एवं डॉ. ज्योति बिश्नोई, इतिहास विभाग के डॉ. संजय कुमार एवं डॉ. दिनेश कुमार, वनस्पति विज्ञान की विभागाध्यक्ष डॉ. सरिता, उर्दू विभाग के डॉ. जुनैद एवं डॉ. राशेदा खातून सहित कई प्राध्यापक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने शोध छात्रा से इस विषय पर प्रश्न पूछ कर रोचक जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम के अंत में शोध छात्रा ने सभी का आभार व्यक्त किया।





bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


