बदायूँ : सिविल लाइन में तेज रफ्तार सफेद कार ने स्कूटी को मारी टक्कर, छात्रा घायल, चालक फरार।
बदायूँ 11 सितंबर ।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही का एक मामला सामने आया है। पुलिस लाइन ग्राउंड के पास गलत साइड से आ रही सफेद रंग की चार पहिया गाड़ी ने कोचिंग से लौट रही छात्रा की स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी नाले में जा गिरी और छात्रा घायल हो गई। आरोपी चालक मौके से गाड़ी लेकर फरार हो गया।
पीड़िता की मां नीलम पत्नी विष्णु कुमार श्रीवास्तव निवासी सिविल लाइन ने थाना सिविल लाइन में तहरीर दी है। तहरीर में बताया कि 5 सितंबर को शाम करीब 5 बजे उनकी पुत्री निहारिका श्रीवास्तव कोचिंग पढ़कर स्कूटी से घर वापस लौट रही थी। जैसे ही वह पुलिस लाइन ग्राउंड के पास पहुंची, सामने से तेज गति, लापरवाही और गलत साइड से आ रही सफेद कार ने उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी।
हादसे में निहारिका को गंभीर चोटें आई हैं। आसपास के लोगों ने मदद कर उसे संभाला।
पीड़िता की मां ने पुलिस से मांग की है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
पुलिस ने इस मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक आकाश तोमर को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी के आधार पर वाहन की तलाश की जा रही है, जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


