12:59 pm Friday , 11 September 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में तेज रफ्तार बाइक ने पैदल जा रहे युवक को मारी टक्कर, पैर में फ्रैक्चर

बदायूं में तेज रफ्तार बाइक ने पैदल जा रहे युवक को मारी टक्कर, पैर में फ्रैक्चर

बदायूं 11 सितंबर ।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पहले रिपोर्ट दर्ज नहीं की तो पीड़ित ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया। एसएसपी के आदेश पर अब सिविल लाइन थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव कटिन्ना बरचऊ निवासी नन्हें लाल पुत्र चंद्रपाल ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह 9 अगस्त को अपने भतीजे गुरुदेव पुत्र विनोद कुमार उर्फ प्रमोद के साथ अपने घर से निजी सामान लेने बदायूं बाजार आए थे। दोपहर करीब 3 बजे सवारी न मिलने पर दोनों पैदल ही सड़क किनारे बाजार की ओर जा रहे थे।

जैसे ही वह बिजली दफ्तर के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बाइक संख्या ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से गुरुदेव के पैर में गंभीर चोटें आईं और पैर फ्रैक्चर हो गया। आरोप है कि बाइक पर तीन लोग सवार थे। मौके पर दो युवकों को पकड़ लिया गया था, जिनके नाम दीपक पुत्र सत्यपाल और आनंद पुत्र मेकाराम निवासी ग्राम गभियाई नगला बताए गए हैं।

घायल को उसी दिन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसके सीधे पैर में घुटने के नीचे हड्डी टूट गई है और रॉड पड़ी है, जिससे वह चलने-फिरने में असमर्थ है।

पीड़ित का आरोप है कि वह रिपोर्ट लिखाने थाना सिविल लाइन गया था, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की और पकड़ी गई बाइक को भी छोड़ दिया। इसके बाद मजबूर होकर उसने 5 सितंबर को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया। प्रार्थना पत्र के साथ घायल का मेडिकल भी लगाया गया है।

इस मामले में सिविल लाइन थाने में केस रजिस्टर कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस