श्री रघुनाथ जी मंदिर में धूमधाम से मनाया कान्हा जी का छठी महोत्सव
मधुर भजनों पर झूमे श्रद्धालु, आरती के बाद हुआ कढ़ी-चावल प्रसाद वितरण
बदायूं। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के उपरांत बुधवार को श्री रघुनाथ जी (पंजाबी) मंदिर में कान्हा जी का छठी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा विशेष संकीर्तन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में श्री सुंदरकांड कमेटी, श्री बाल दुर्गा मंडल एवं श्री विश्व हिंदू परिषद महिला संकीर्तन मंडल के सदस्यों ने मधुर भजनों एवं संकीर्तन की प्रस्तुति दी। भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते और नृत्य करते नजर आए। पूरा मंदिर परिसर ‘राधे-राधे’ एवं ‘जय श्री कृष्ण’ के जयकारों से गूंज उठा।
छठी महोत्सव के अवसर पर भक्तों ने बाल स्वरूप कान्हा जी के प्रति अपना वात्सल्य एवं प्रेम प्रकट किया। श्रद्धालुओं ने कान्हा जी को काजल लगाया तथा बाल गोपाल के मनमोहक श्रृंगार के दर्शन कर मंगलकामना की। धार्मिक परंपरा के अनुसार छठी का संबंध नवजात शिशु के जन्म के छठे दिन मनाए जाने वाले उत्सव से माना जाता है। इस अवसर पर षष्ठी देवी का भी बालकों की रक्षा एवं कल्याण के लिए श्रद्धापूर्वक स्मरण किया जाता है।
महोत्सव के दौरान श्री सनातन धर्म सभा के मीडिया प्रभारी हेमंत कुमार दुआ को मंदिर एवं धार्मिक आयोजनों की मीडिया सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए श्री विश्व हिंदू परिषद महिला संकीर्तन मंडल द्वारा उनकी धर्मपत्नी के साथ सम्मानित किया गया। इस दौरान उन्हें अंगवस्त्र भेंट करने के साथ प्रतीक चिह्न प्रदान किया गया। मंडल की ओर से उनकी मीडिया सेवाओं एवं धार्मिक आयोजनों के प्रचार-प्रसार में योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम के समापन पर श्री रघुनाथ जी की विशेष आरती की गई। आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात सभी भक्तों को कढ़ी-चावल का प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर श्री सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष श्री देवेन्द्र कुमार चड्डा ने सभी पदाधिकारियों, सदस्यों, संकीर्तन मंडलों, कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग एवं सहभागिता से कान्हा जी का छठी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।






bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


