10:44 am Thursday , 10 September 2026
BREAKING NEWS

पुलिस लाइन में सैनिक सम्मेलन के बाद मासिक अपराध गोष्ठी, एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश

पुलिस लाइन में सैनिक सम्मेलन के बाद हुई मासिक अपराध गोष्ठी, एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश

बदायूं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं सुश्री अंकिता शर्मा ने 9 सितंबर 2026 को पुलिस लाइंस सभागार में जनपद के राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, शाखा प्रभारियों एवं अन्य पुलिसकर्मियों के साथ सैनिक सम्मेलन किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनी गईं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

सैनिक सम्मेलन के बाद एसएसपी ने मासिक अपराध गोष्ठी कर जनपद की कानून व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की समीक्षा की। उन्होंने थाना प्रभारियों को अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी और कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर

एसएसपी ने निर्देश दिए कि थानों पर आने वाले शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को सहानुभूतिपूर्वक सुनकर उनका त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण कराया जाए। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समयबद्ध जांच और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

उन्होंने लंबित विवेचनाओं और प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा।

अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

एसएसपी ने हिस्ट्रीशीटर, ईनामिया और टॉप-10 अपराधियों के साथ-साथ लुटेरों, चोरों एवं गंभीर अपराधों में शामिल पेशेवर अपराधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शस्त्रों के निर्माण, संग्रहण एवं बिक्री तथा अवैध शराब, जुआ-सट्टा और गोकशी के खिलाफ अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।

गैंगस्टर एक्ट के मामलों में अपराधियों की अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर धारा 14(1) के तहत जब्तीकरण की कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए।

महिला एवं बाल सुरक्षा पर विशेष जोर

मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत महिला हेल्पडेस्क, एंटी रोमियो टीम, शक्ति दीदी और महिला बीट आरक्षियों को गांवों एवं मोहल्लों में जन चौपाल लगाने तथा स्कूल-कॉलेज और कोचिंग संस्थानों में महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन, आत्मरक्षा और हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

महिला एवं बच्चों से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मामलों में अपहृताओं की सकुशल बरामदगी और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

ऑपरेशन त्रिनेत्र और यातायात व्यवस्था की समीक्षा

ऑपरेशन त्रिनेत्र-2.0 के तहत प्रमुख चौराहों, बाजारों एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के संबंध में भी दिशा-निर्देश दिए गए। प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा जाम की स्थिति न बनने देने के निर्देश दिए गए।

सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने के लिए जीरो फैटिलिटी डिस्ट्रिक्ट (ZFD) के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया। वाहन चालकों को हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग करने, नशे में वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन कराने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने कहा कि “सड़क सुरक्षा केवल एक कानून नहीं, बल्कि हर नागरिक का नैतिक दायित्व है। ZERO FATALITY का लक्ष्य तभी संभव है जब जनता और पुलिस मिलकर इसे एक जनआंदोलन के रूप में अपनाएं।”

इसके अलावा ऑपरेशन दृष्टि, ऑपरेशन कन्विक्शन, ऑपरेशन त्रिनेत्र और ऑपरेशन दहन की भी समीक्षा की गई। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत मुकदमों को चिन्हित कर प्रभावी पैरवी के माध्यम से अधिक से अधिक दोषियों को सजा दिलाने तथा लंबित विवेचनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।

विज्ञापन एक्सप्रेस