बिल्सी में बड़ा हादसा टला, गड्ढे में फंसी मक्का भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली।
बिल्सी (बदायूं) 9 सितंबर ।
नगर के खेरी स्टैंड के पास बुधवार सुबह करीब 11 बजे बड़ा हादसा होते-होते बच गया। मक्का से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया सड़क किनारे खोदे गए गड्ढे में फंस गया। वजन ज्यादा होने से ट्रॉली पलटने की कगार पर पहुंच गई।
चालक टिंकू सागर की सूझबूझ और मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रॉली को आगे बढ़ने से रोक दिया, जिससे जनहानि टल गई।
टिंकू सागर के अनुसार वह ट्रॉली में मक्का भरकर बिल्सी गल्ला मंडी जा रहे थे। खेरी स्टैंड पर सामने से आ रही बस को साइड देने के लिए उन्होंने ट्रैक्टर किनारे किया, तभी पहिया गड्ढे में चला गया।
हादसे के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। बाद में स्थानीय लोगों ने जेसीबी बुलाकर ट्रॉली को बाहर निकलवाया, तब जाकर यातायात सामान्य हो सका।
चालक और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इंटरनेट लाइन डालने के लिए सड़क किनारे खोदे गए गड्ढों को ठीक से बंद नहीं किया गया। इससे आए दिन वाहन फंस रहे हैं। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने गड्ढों को जल्द भरवाने की मांग की है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


