डीएम ने प्राथमिक विद्यालय किशनपुर का किया औचक निरीक्षण।
18 का पहाड़ा सुनाने पर छात्रा गुंजन की थपथपाई पीठ, बच्चों को बांटी टॉफियां।
फ़िरोज़ाबाद 9 सितंबर।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बुधवार को विकासखंड शिकोहाबाद के प्राथमिक विद्यालय किशनपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं के शैक्षिक स्तर को परखा और मिड-डे मील, शिक्षक उपस्थिति, पेयजल व स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया।
डीएम ने कक्षा-2 और कक्षा-4 के बच्चों से विभिन्न सवाल पूछे। कक्षा-4 की छात्रा आंचल और गुंजन ने सभी प्रश्नों के सही उत्तर दिए। छात्रा गुंजन ने 18 का पहाड़ा सुनाया, जिस पर डीएम ने उसकी पीठ थपथपाकर सराहना की। बच्चों के ज्ञान से प्रसन्न होकर उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को टॉफियां बांटकर उत्साहवर्धन किया।
प्रधानाचार्या मंजू यादव ने बताया कि विद्यालय में 109 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं, जिनमें से निरीक्षण के समय 66 उपस्थित मिले। विद्यालय में कुल छह शिक्षक तैनात हैं, जिनमें से पांच उपस्थित पाए गए।
जिलाधिकारी ने मिड-डे मील की गुणवत्ता, शुद्ध पेयजल, साफ-सफाई और रसोइयों के मानदेय भुगतान की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन दिया जा रहा है और रसोइयों को पिछले माह तक मानदेय का भुगतान किया जा चुका है।
निरीक्षण के बाद डीएम ने ग्रामीणों व अभिभावकों से संवाद कर बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। उन्होंने प्रधानाचार्या को उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि शिक्षा की गुणवत्ता व व्यवस्थाओं में लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार और उप जिलाधिकारी शिकोहाबाद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मैनपुरी से अरूण कुमार।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


