अलापुर में पुलिस मुठभेड़ में गोकशी का वांछित आरोपी गिरफ्तार, पुलिसकर्मी भी घायल
बदायूं। अलापुर थाना क्षेत्र में गोकशी की घटना के मामले में वांछित एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि जवाबी कार्रवाई के दौरान एक हेड कांस्टेबल भी घायल हुआ। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, थाना अलापुर में दर्ज मु0अ0सं0 191/2026, धारा 3/5/8 सीएस एक्ट में वांछित आरोपी तनहीर पुत्र आशिक अली, निवासी ग्राम गौरामई, थाना अलापुर, बदायूं की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान 8 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ककराला-उसहैत रोड पर भट्टे से करीब 250 मीटर आगे मौजूद है।
सूचना पर अलापुर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को घेरने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर तीन राउंड फायर किए, जिसमें हेड कांस्टेबल 518 शिववीर के दाहिने हाथ में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई।
पुलिस ने घायल आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, तीन खोखे, चार जिंदा कारतूस, एक छुरा और रस्सी बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।
पूछताछ में गोकशी की घटना का दावा
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी तनहीर ने बताया कि 7 सितंबर की रात उसने अपने साथी जुम्मन और अपने भाई के साथ ग्राम गौरामई के जंगल में घूमंतु गोवंशीय बछड़े को पकड़कर गोकशी की घटना को अंजाम दिया था। यह विवरण पुलिस द्वारा पूछताछ के आधार पर बताया गया है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


