बदायूं – राजकीय महिला महाविद्यालयके हिंदी विभाग के तत्वावधान में मंगलवार को “हिंदी भाषा संवर्धन एवं काव्य गोष्ठी” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महाविद्यालय की पूर्व प्राचार्य एवं प्रख्यात शिक्षाविद् प्रोफेसर स्मिता जैन रहीं। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. संध्या सक्सेना ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया तथा छात्राओं से उनके आदर्श शैक्षणिक जीवन एवं अनुभवों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में प्रो. स्मिता जैन ने कहा कि भाषा केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास और चरित्र निर्माण का सशक्त आधार है। उन्होंने युवा पीढ़ी को वर्चुअल जीवन की सीमाओं से बाहर निकलकर वास्तविक जीवन, प्रकृति, समाज और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में काव्य पाठ की सुंदर प्रस्तुतियों ने वातावरण को साहित्यिक एवं भावपूर्ण बना दिया। भौतिक विज्ञान विभाग के प्रभारी डॉ. ऋषभ भारद्वाज ने अपनी पुस्तक “शब्दों का समर ” में प्रकाशित कविता “मेरे अंतिम पल” का भावपूर्ण काव्यपाठ किया। इसके पश्चात् छात्राओं समरीन, अंशिका, सना, खुशी, आदि ने अपनी स्वरचित कविताओं का प्रभावशाली पाठ कर अपनी साहित्यिक प्रतिभा का परिचय दिया। कार्यक्रम की संयोजिका हिंदी विभाग की प्रभारी डॉ. वंदना रहीं। इस अवसर पर श्रीमती अर्चना पाण्डेय, डॉ. वेद प्रकाश, डॉ. बृजेश कुमार, डॉ. ऋषभ भारद्वाज, डॉ. भावना सिंह, श्री रोहित कुमार सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. मनोज कुमार ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों एवं छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


