मेनपुरी -स्कूल के सामने जलभराव से बच्चों की पढ़ाई पर आफत, कीचड़ में डूबा रास्ता।
मैनपुरी 7 सितंबर ।
विकासखंड किशनी के ग्राम रामनगर में प्राथमिक स्कूल के सामने जलभराव की समस्या से स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल के मुख्य गेट के सामने सड़क पर घुटनों तक गंदा पानी और कीचड़ जमा है। इसी से होकर मासूम बच्चों को रोज स्कूल आना-जाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार लंबे समय से जल निकासी की व्यवस्था न होने से यह समस्या बनी हुई है। हल्की बारिश में भी हालात बदतर हो जाते हैं। गंदे पानी से बच्चों के कपड़े खराब हो रहे हैं, वहीं फिसलकर गिरने से चोट लगने का डर भी बना रहता है। अभिभावकों ने बच्चों के बीमार होने की आशंका भी जताई है।
इधर, स्कूल के बाहर बच्चों के कीचड़ भरे पानी से गुजरने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
परेशान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से जलभराव से निजात दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि अस्थायी तौर पर पानी निकालने से काम नहीं चलेगा, इसका स्थायी समाधान कराया जाए।
वहीं, मामला संज्ञान में आने के बाद डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए हैं।
मैनपुरी से अरूण कुमार की रिपोर्ट।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


