कादरचौक। क्षेत्र के ग्राम कौआ नगला से गढ़िया को जोड़ने वाले मार्ग की बदहाल स्थिति ग्रामीणों और राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सोमवार को मार्ग पर कीचड़ और फिसलन के चलते सवारियों से भरा एक ई-रिक्शा अचानक पलट गया। ई-रिक्शा में करीब छह से आठ लोग सवार बताए जा रहे हैं।
गनीमत रही कि हादसे में सभी सवार सुरक्षित बच गए। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
ग्रामीणों के अनुसार कौआ नगला-गढ़िया मार्ग की स्थिति लंबे समय से खराब है। बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह कीचड़ जमा हो जाता है, जिससे पैदल राहगीरों के साथ वाहन चालकों को भी आवागमन में भारी दिक्कत होती है। फिसलन के कारण वाहनों के फिसलने और पलटने का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग की बदहाली को लेकर कई बार चैनल और समाचार पत्रों के माध्यम से खबर प्रकाशित की जा चुकी है। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को भी समस्या से अवगत कराया गया है, लेकिन मार्ग की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मार्ग की मरम्मत कराकर आवागमन सुगम कराने की मांग की है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


