12:37 pm Monday , 7 September 2026
BREAKING NEWS

बागपत -ईस्टर्न पेरीफेरल पर पलटी बदायूं के श्रद्धालुओं की पिकअप, 6 की मौत, 25 से अधिक घायल

बागपत -ईस्टर्न पेरीफेरल पर पलटी बदायूं के श्रद्धालुओं की पिकअप, 6 की मौत, 25 से अधिक घायल।

बदायूं / बागपत 7 सितंबर ।

राजस्थान के गोगामेड़ी से दर्शन कर लौट रहे बदायूं के श्रद्धालुओं के लिए सफर मौत बन गया। बागपत में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर बड़ा गांव के पास उनकी पिकअप डिवाइडर से टकराकर पलट गई।

हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर अब 6 हो गई है। मरने वालों में एक बच्ची भी शामिल है। जबकि 25 से ज्यादा लोग घायल हैं, जिनमें कई की हालत नाजुक बनी हुई है।

जानकारी के मुताबिक पिकअप में बदायूं के उझानी- कोतवाली क्षेत्र के अल्लापुर,चेतूनगला,व कादर चौक गांव के 32 लोग सवार थे। सभी गोगामेड़ी धाम से दर्शन कर वापस अपने गांव लौट रहे थे। देर रात जैसे ही पिकअप बड़ा गांव के पास पहुंची, अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी खेकड़ा और जिला अस्पताल बागपत में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायलों को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल,व मेरठ के जिला अस्पताल रेफर किया गया है। इलाज के दौरान दो और लोगों ने दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या 6 पहुंच गई।

हादसे की सूचना पर बागपत डीएम अस्मिता लाल और एसपी सूरज कुमार राय रात में ही जिला अस्पताल पहुंचे। उधर हादसे की खबर मिलते ही बदायूं के अल्लाहपुर गांव में कोहराम मचा हुआ है।

विज्ञापन एक्सप्रेस