12:37 pm Monday , 7 September 2026
BREAKING NEWS

मैनपुरी में अटल चौक पर चला प्रशासन का बुलडोजर, अस्थाई दुकानें ध्वस्त

मैनपुरी में अटल चौक पर चला प्रशासन का बुलडोजर, कई दर्जन अस्थाई दुकानें ध्वस्त।

मैनपुरी 7 सितंबर ।

कोतवाली क्षेत्र के नुमाइश ग्राउंड के पास स्थित अटल चौक पर रविवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाते हुए कई दर्जन अस्थाई दुकानों को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, इसी स्थान पर बीते दिन यातायात व्यवस्था संभाल रहे एक ट्रैफिक सिपाही के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी। बताया गया कि कुछ दुकानदारों और अराजक तत्वों ने ड्यूटी कर रहे सिपाही के साथ अभद्रता और हाथापाई की थी।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि वीडियो के आधार पर 15 अज्ञात लोगों की पहचान की जा रही है।

इसी घटना के बाद प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाया। रविवार को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अटल चौक पर अभियान शुरू किया गया। बुलडोजर कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे लगी अवैध गुमटियों और अस्थाई दुकानों को हटाया गया।

इस दौरान एसडीएम सदर और सीओ सिटी समेत नगर पालिका के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति बनती है और यातायात व्यवस्था बाधित होती है।

फिलहाल कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

अरूण कुमार की रिपोर्ट

विज्ञापन एक्सप्रेस