बिसौली। रोटरी क्लब एवं इनरव्हील क्लब द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर “प्रथम गुरु माता-पिता एवं शिक्षक सम्मान समारोह” का भावपूर्ण एवं गरिमामय आयोजन रोटरी मीटिंग हॉल में किया गया। समारोह में रोटरी एवं इनरव्हील क्लब के सदस्यों के माता-पिता को सम्मानित कर उनके प्रति कृतज्ञता एवं सम्मान प्रकट किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि रोटेरियन सी.ए. राजेन विद्यार्थी व विशिष्ट अतिथि रोटेरियन मोहन गुप्ता ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर की गई। इनरव्हील क्लब की अध्यक्ष भारती अग्रवाल ने सभी अतिथियों, माता-पिता, शिक्षकगण एवं सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि माता-पिता हमारे जीवन के प्रथम गुरु हैं, जो हमें संस्कार, अनुशासन, प्रेम और जीवन जीने की कला सिखाते हैं। रोटेरियन मुदित अग्रवाल ने अपने संबोधन में शिक्षकों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक केवल पुस्तकीय ज्ञान प्रदान नहीं करते, बल्कि वे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और चरित्र का निर्माण करते हुए उन्हें जीवन में सही दिशा प्रदान करते हैं। रोटेरियन सुभाष चंद्र अग्रवाल क्लब संरक्षक ने भी अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में माता-पिता एवं गुरुजनों के जीवन में महत्व को रेखांकित किया। समारोह के मुख्य अतिथि रोटेरियन सी.ए. राजेन विद्यार्थी का संबोधन कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। उन्होंने श्रीकृष्ण को जगद्गुरु के रूप में वर्तमान समय के शिक्षकों से जोड़ते हुए श्रीमद्भगवद्गीता के विभिन्न श्लोकों के माध्यम से जीवन के मूल्यों, कर्तव्य, सेवा, त्याग एवं मानवता का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि एक सच्चे रोटेरियन के जीवन में सेवा भावना, नैतिकता, अनुशासन और मानव कल्याण की भावना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनका ओजस्वी, ऊर्जावान एवं आध्यात्मिक संबोधन उपस्थित सभी लोगों को गहराई से प्रभावित कर गया। उनके विचारों और गीता के संदेश ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह में सदस्यों के माता-पिता का सम्मान करते हुए कहा गया कि “माता-पिता का सम्मान वास्तव में संपूर्ण मानवता का सम्मान है।” सम्मान समारोह के दौरान वातावरण भावुकता, गर्व और कृतज्ञता से भर उठा। उपस्थित सभी लोगों ने इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम में रोटरी क्लब के अध्यक्ष संजय गर्ग, सचिव मुदित अग्रवाल, सुभाष चंद्र अग्रवाल, रवि प्रकाश अग्रवाल, आलोक गर्ग, विनय शर्मा, डॉ. मनोज माहेश्वरी, डॉ. प्रवीण शर्मा, इनरव्हील क्लब की अध्यक्ष भारती अग्रवाल, सचिव डॉ. सुविधा माहेश्वरी, ममता अग्रवाल, लता अग्रवाल, डा. अर्चना वार्ष्णेय, प्रतिभा अग्रवाल, संयोगिता गर्ग, नमिता गर्ग, सुरभि शर्मा, मधु शर्मा, अनुपम शर्मा, अनुपम गुप्ता समेत रोटरी एवं इनरव्हील क्लब के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में रोटेरियन संजय गर्ग, अध्यक्ष, रोटरी क्लब ने सभी अतिथियों, माता-पिता, शिक्षकगण एवं क्लब सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


