5:05 pm Sunday , 6 September 2026
BREAKING NEWS

मैनपुरी -मासूमों की पुकार पर जागा प्रशासन, अंधेरे में डूबी बसैत की गलियां रोशनी से जगमगाईं

मैनपुरी -मासूमों की पुकार पर जागा प्रशासन, अंधेरे में डूबी बसैत की गलियां रोशनी से जगमगाईं।

बच्चों की वीडियो अपील पर डीएम-सीडीओ ने लिया संज्ञान, समाधान दिवस में मासूमों ने राधा-कृष्ण की फोटो भेंट कर जताया आभार।

मैनपुरी 6 सितंबर।

मैनपुरी जिले की किशनी विकासखंड की ग्राम पंचायत बसैत में बच्चों की एक छोटी सी पहल ने बड़ा बदलाव ला दिया। गांव की गलियों में पसरे अंधेरे से परेशान बच्चों ने वीडियो बनाकर सीएम योगी आदित्यनाथ और डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी से रोशनी की गुहार लगाई थी। मासूमों की यह गुहार रंग लाई और देखते ही देखते गांव की अंधेरी गलियां रोशनी से जगमगा उठीं।

बताया गया कि बसैत गांव के बच्चों ने कुछ दिन पहले एक वीडियो बनाकर शाम होते ही गलियों में छा जाने वाले अंधेरे की समस्या उठाई थी। वीडियो में बच्चों ने मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी से प्रकाश व्यवस्था कराने की भावुक अपील की थी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वायरल वीडियो का जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी और सीडीओ नेहा बंधु ने तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

निर्देश पर ग्राम पंचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह, एडीओ पंचायत मनोज प्रभाकर, लाइनमैन कल्लू शाक्य और रोजगार सेवक हरेंद्र की टीम गांव पहुंची। टीम ने बच्चों द्वारा बताए गए स्थानों का निरीक्षण कर जरूरत वाले विद्युत पोलों पर लाइटें लगवाईं। अब शाम ढलते ही जो गलियां अंधेरे में डूब जाती थीं, वह रोशनी से चमकने लगी हैं।

अपनी पहल का असर देखकर गदगद बच्चों ने शनिवार को समाधान दिवस में पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी का आभार जताया। इस दौरान बच्चों ने डीएम को भगवान राधा-कृष्ण की फोटो भेंट की।

डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने भी बच्चों से संवाद किया और उनकी बातों को गंभीरता से सुना। डीएम से बात कर बच्चे खुशी से झूम उठे। बच्चों ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि उनकी बात सुनी जाएगी, लेकिन इतनी जल्दी समाधान होगा, इसकी उम्मीद नहीं थी।

बसैत गांव के बच्चों की यह पहल पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

मैनपुरी से संवाददाता -अरूण कुमार की रिपोर्ट।

विज्ञापन एक्सप्रेस