8:55 am Sunday , 6 September 2026
BREAKING NEWS

भैंस चोरी के मामलों में वांछित हिस्ट्रीशीटर से पुलिस की मुठभेड़, दोनों पैरों में लगी गोली

बदायूं

भैंस चोरी के मामलों में वांछित हिस्ट्रीशीटर से पुलिस की मुठभेड़, दोनों पैरों में लगी गोली

केशव गुप्ता

इस्लामनगर। थाना इस्लामनगर पुलिस ने भैंस चोरी के दो मामलों में वांछित चल रहे हिस्ट्रीशीटर बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश की गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल आरोपी और पुलिसकर्मी को उपचार के लिए जिला अस्पताल बदायूं में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान शौकीन उर्फ शानू उर्फ शौकत पुत्र नसीर धोबी, निवासी मोहल्ला मुस्तफाबाद, कस्बा व थाना इस्लामनगर के रूप में हुई है। आरोपी थाना इस्लामनगर का हिस्ट्रीशीटर है और पशु/भैंस चोरी से संबंधित मुकदमे में वांछित चल रहा था।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक शातिर बदमाश सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल से भवानीपुर से बिसौली रोड की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने भवानीपुर जाने वाले रास्ते पर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस ने बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में आरक्षी काले सिंह घायल हो गए। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी शौकीन के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, तीन खोखे, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। मुठभेड़ के संबंध में थाना इस्लामनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ बदायूं और संभल जनपदों के विभिन्न थानों में चोरी, लूट के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में 38 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस की कार्रवाई में थाना प्रभारी इस्लामनगर मय पुलिस टीम शामिल रही।
पुलिस के अनुसार, इसी मामले में आरोपी के सहयोगी शाहरूख पुत्र फारूख निवासी मिलक लालूबाला, थाना भोजपुर, जनपद मुरादाबाद को 5 सितंबर को गिरफ्तार कर जिला कारागार बदायूं भेजा जा चुका है।

विज्ञापन एक्सप्रेस