इस्लामनगर पुलिस की मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, पुलिसकर्मी भी घायल
भैंस चोरी के दो मुकदमों में वांछित था आरोपी, तमंचा-कारतूस और बिना नंबर की अपाचे बरामद

बदायूं। अपराध नियंत्रण एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना इस्लामनगर पुलिस ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी भैंस चोरी से संबंधित दो मुकदमों में वांछित चल रहा था। मुठभेड़ के दौरान एक आरक्षी भी घायल हुआ है।
पुलिस के मुताबिक 05/06 सितंबर 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल से भवानीपुर से बिसौली रोड की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भवानीपुर जाने वाले रास्ते पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान पुलिस को सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल आती दिखाई दी।
पुलिस का कहना है कि मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास करने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें आरक्षी 983 काले सिंह घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगने से वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शौकीन उर्फ शानू उर्फ शौकत पुत्र नसीर धोबी, निवासी मोहल्ला मुस्तफाबाद, कस्बा एवं थाना इस्लामनगर, जिला बदायूं के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी थाना इस्लामनगर का हिस्ट्रीशीटर है और मु0अ0सं0 239/26 तथा 240/26 में वांछित चल रहा था।
तमंचा, कारतूस और अपाचे बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, तीन खोखे, एक जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। मुठभेड़ में घायल आरोपी और आरक्षी को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल बदायूं में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ बदायूं और संभल जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, लूट/डकैती से संबंधित धाराओं, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में भी विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सहयोगी पहले ही भेजा जा चुका जेल
पुलिस के मुताबिक इसी मामले में आरोपी के सहयोगी शाहरूख पुत्र फारूख निवासी मिलक लालूबाला, कस्बा एवं थाना भौजपुर, जिला मुरादाबाद को 05 सितंबर 2026 को जिला कारागार बदायूं भेजा जा चुका है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को उपचार के बाद नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
गिरफ्तार करने वाली टीम: थाना प्रभारी इस्लामनगर मय पुलिस टीम।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


