8:56 am Sunday , 6 September 2026
BREAKING NEWS

उसहैत में जन अधिकार पार्टी के बैनर तले मनाया गया बाबू जगदेव कुशवाहा का शहादत दिवस

उसहैत। कृष्णा मैरिज लॉन में जन अधिकार पार्टी के बैनर तले बाबू जगदेव कुशवाहा जी का शहादत दिवस मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश मौर्य तथा विशिष्ट अतिथि योगेंद्र शाक्य रहे। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों एवं दूर-दराज से पहुंचे लोगों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बरेली मंडल के मंडल उपाध्यक्ष जयप्रकाश मौर्य ने समान आरक्षण, समान शिक्षा और समान सुरक्षा की बात रखी। उन्होंने कहा कि बाबू जगदेव कुशवाहा का शहादत दिवस हम सभी को याद दिलाता है कि राजनीतिक हिस्सेदारी के लिए एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।

वहीं दातागंज विधानसभा प्रभारी एवं पूर्व प्रत्याशी गणेश चंद्र शाक्य ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि “शिक्षा वह शेरनी का दूध है, जो पियेगा वो दहाड़ेगा।” उन्होंने पार्टी के नारे “गरीब हो या धनवान, सबकी शिक्षा एक समान” का उल्लेख करते हुए लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया।

पार्टी के बरेली मंडल प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव योगेंद्र शाक्य ने कहा कि यदि समाज को राजनीति में अपनी हिस्सेदारी मजबूत करनी है तो राजनीति में बढ़-चढ़कर भाग लेना होगा। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी का भविष्य बेहतर बनाने के लिए समाज को राजनीतिक रूप से मजबूत होना जरूरी है।

मुख्य अतिथि ज्ञान प्रकाश मौर्य ने बाबू जगदेव कुशवाहा के संघर्ष और योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने समाज के लिए जो कार्य किया, उसे भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि बाबू जी ने जो बीड़ा उठाया था, उसे सभी को मिलकर विधानसभा से लेकर लोकसभा तक आगे बढ़ाना है।

कार्यक्रम के दौरान बदायूं जिला अध्यक्ष अजय शाक्य ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। वहीं महिला जिला अध्यक्ष सपना बौद्ध ने महिलाओं से पार्टी से जुड़ने का आह्वान किया और पार्टी की विचारधारा के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन हीरालाल शाक्य ने किया।

कार्यक्रम में जन अधिकार पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा दूर-दराज से आए लोगों की बड़ी संख्या में भीड़ मौजूद रही। आयोजन के दौरान बाबू जगदेव कुशवाहा के विचारों और सामाजिक संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

विज्ञापन एक्सप्रेस