7:40 pm Saturday , 5 September 2026
BREAKING NEWS

रिहाई नहीं हुई तो 6 सितंबर को एसडीएम दातागंज का घेराव – अजीत यादव

दातागंज एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन करने पर अड़े कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव , पुलिस ने नेकपुर आवास पर रोका , कार्यकर्ताओं की जेल से रिहाई के आश्वासन पर माने ।
#कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जेल से रिहाई और पुलिस हिरासत में मरे राजेश कोरी के न्याय की मांग को लेकर दातागंज जा रहे थे कांग्रेसी
#कांग्रेस कार्यकर्ताओं की रिहाई नहीं हुई तो 6 सितंबर को एसडीएम दातागंज के घेराव का ऐलान
—————————————————————————–
बदायूँ। 05 सितंबर। जेल में बंद तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं की रिहाई और पुलिस हिरासत में मरे दलित युवक राजेश कोरी को न्याय की मांग को लेकर दातागंज एसडीएम कार्यालय पर शनिवार को प्रदर्शन करने पर अड़े कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव को पुलिस ने नेकपुर स्थित आवास के बाहर रोक दिया। काफी देर तक पुलिस से कांग्रेसियों की नोक झौंक होती रही। कार्यकर्ताओं की रिहाई के आश्वासन पर कांग्रेसी शांत हुए। यदि कार्यकर्ताओं की रिहाई नहीं हुई तो कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने 6 सितंबर को एसडीएम दातागंज के घेराव का ऐलान किया।
ज्ञात हो कि अटसेना गांव के दलित युवक राजेश कोरी की दातागंज कोतवाली में पुलिस हिरासत में मौत हो गई थी। विगत 03 सितंबर को न्याय के लिए अटसेना गांव में धरने पर बैठी राजेश कोरी की विधवा रूपवती कोरी का समर्थन करने गए कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव और तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। अजीत यादव को बिनावर थाने में हिरासत में लेने के बाद नेकपुर स्थित आवास पर भारी पुलिस बल लगाकर हाउस अरेस्ट कर दिया और तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शांति भंग की धारा लगाकर जेल भेज दिया था। यूथ कांग्रेस दातागंज ब्लॉक अध्यक्ष विजय बहादुर, कांग्रेस सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष नवनीत यादव और ड्राइवर सुभाष जाटव पिछले तीन दिनों से जेल में बंद हैं।
शुक्रवार को एसडीएम दातागंज द्वारा जेल में बंद कांग्रेसियों की जमानत याचिका पर सुनवाई न करने पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव भड़क गए और शनिवार को एसडीएम दातागंज कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन का ऐलान कर दिया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने कहा कि पुलिस प्रशासन भाजपा के एजेंट के बतौर काम कर रहा है। एसडीएम दातागंज ने भाजपा विधायक के इशारे पर शुक्रवार को जेल में बंद कांग्रेसियों की जमानत याचिका पर सुनवाई नहीं की। पुलिस हिरासत में मारे गए दलित युवक राजेश कोरी के न्याय की आवाज उठाने पर भाजपा सरकार के कहने पर कांग्रेसियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। भाजपा राजेश कोरी की विधवा रूपवती कोरी की आवाज को दबा रही है इससे भाजपा का दलित विरोधी चरित्र बेनकाब हो गया है।
उन्होंने कहा कि राजेश कोरी की दातागंज कोतवाली में पुलिस हिरासत में हुई मौत के मामले की हाईकोर्ट के जज से न्यायिक जांच कराने ।दोषी पुलिस कर्मियों पर मुकदमा दर्ज करने,राजेश कोरी की विधवा रूपवती कोरी को सरकारी नौकरी और दातागंज कस्बे में आवास दिए जाने,परिजनों को एक करोड़ रुपए मुआवजा और राजेश कोरी के चार बच्चों को मुफ्त शिक्षा की व्यवस्था करने और जेल में बंद तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रिहा करने के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार पुलिस के बल पर विपक्ष की आवाज को दबा रही है। भाजपा राज में सूबे में दलितों गरीब गुरबों पर सरकारी संरक्षण में अत्याचार हो रहे हैं। दलित राजेश कोरी की विधवा रूपवती कोरी की न्याय की आवाज को भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन दबा रहा है। समर्थन करने पर कांग्रेसियों को जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजेश कोरी की विधवा रूपवती कोरी को न्याय दिलाने के लिए अंतिम दम तक संघर्ष करेगी। कांग्रेसी गिरफ्तारी और जेल जाने से डरने वाले नहीं हैं दलितों को न्याय दिलाने के लिए कोई भी कुर्बानी देने को तैयार हैं। उन्होंने कोरी ,जाटव समेत दलित समाज से 2027 के चुनाव में दलित विरोधी भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।
आज के कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव के साथ कांग्रेस जिला महासचिव आलोक सिंह, जिला महासचिव सलीम अंसारी , जिला सचिव राजीव पटेल , ककराला नगर अध्यक्ष शहजादा रिजवान, अकरम खान , आशीष यादव , रिटायर्ड कानूनगो सुरेंद्र सिंह एवं बदरुल हसन समेत दर्जनों कांग्रेसी मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस