भजन-संकीर्तन, नन्हे कान्हा की झांकी और महाआरती रही आकर्षण का केंद्र
बदायूं। श्री रघुनाथ जी (पंजाबी) मंदिर में श्री सनातन धर्म सभा के तत्वावधान में श्री कृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर को विद्युत झालरों, फूलों एवं आकर्षक सजावट से सजाया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर जन्मोत्सव में सहभागिता की।
कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद महिला संकीर्तन मंडल, श्री बाल दुर्गा मंडल एवं श्री सुंदर काण्ड कमेटी के सदस्यों ने भजन एवं संकीर्तन की प्रस्तुतियां दीं। श्रद्धालु भजनों पर झूमते और श्री कृष्ण के जयकारे लगाते नजर आए।
टोकरी में नन्हे कान्हा की मनमोहक झांकी और उन्हें झूला झुलाने का दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कोई कान्हा के दर्शन कर रहा था तो कोई प्रेम से उन्हें झूला झुला रहा था। पूरे परिसर में गोकुल जैसा भक्तिमय वातावरण दिखाई दिया।
रात्रि 12 बजे श्री कृष्ण जन्म के साथ ही मंदिर परिसर ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा। जन्म के बाद भगवान के मनमोहक श्रृंगार एवं दिव्य स्वरूप के दर्शन हुए। इसके पश्चात भव्य महाआरती में शंखनाद, घंटियों एवं भजनों के बीच श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। भगवान को माखन-मिश्री सहित भोग अर्पित कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
आयोजन की व्यवस्थाओं में सेवा कार्य में लगे सेवकों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। श्री सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष श्री देवेंद्र कुमार चड्डा ने सभी भक्तों, सेवकों, संकीर्तन मंडलों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग एवं सेवा भावना से जन्मोत्सव भव्य एवं सफल हुआ। उन्होंने भगवान श्री कृष्ण से सभी के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगल की कामना की।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


