मुजरिया: चार हजार रुपये को लेकर विवाद, घर में घुसकर महिला और बेटे को पीटा, पुलिस पर लापरवाही का आरोप।
बदांयू 5 सितंबर।
सहसवान तहसील के मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव ज्योरापारबाला में चार हजार रुपये को लेकर हुए विवाद में महिला और उसके बेटे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने क्षेत्राधिकारी सहसवान को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता रीना पत्नी ओमपाल निवासी ग्राम ज्योरापारबाला थाना मुजरिया ने दर्ज कराई रिपोर्ट में लिखा कि 02 जुलाई की शाम उनके पति ओमपाल अपनी शर्ट उतारकर सो रहे थे। शर्ट की जेब में करीब 4000 रुपये रखे थे। आरोप है कि गांव के ही पड़ोसी दीनदयाल पुत्र रामसिंह और बाबूजी पुत्र भीखम सिंह शर्ट समेत रुपये उठा ले गए। पति ओमपाल के विरोध करने पर झगड़ा हुआ, जिसके बाद आरोपियों ने रुपये वापस कर दिए।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद उनका पुत्र प्रेमपाल खेत से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में राजू पुत्र भीखम, छोटे पुत्र भीखम, गप्पू पुत्र भीखम, भीखम, रईसा पुत्र भीखम आदि ने एक राय होकर प्रेमपाल को घेरकर मारपीट की। किसी तरह वह जान बचाकर घर पहुंचा।
आरोप है कि इसके बाद सभी आरोपी एक राय होकर पीड़िता के घर आ गए और गाली-गलौज करते हुए रीना और उसके पुत्र प्रेमपाल के साथ मारपीट करने लगे। मारपीट में महिला के मुंह, हाथ-पैर और पसली में चोटें आईं, जबकि उसके बेटे को भी काफी चोटें आई हैं। दोनों का मेडिकल परीक्षण सहसवान और बाद में बदायूं में कराया गया है, जिसकी मेडिकल रिपोर्ट उपलब्ध है।
पीड़िता ने बताया कि घटना के संबंध में थाना मुजरिया में कई बार लिखित तहरीर दी जा चुकी है, लेकिन पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध कोई प्रभावी कानूनी कार्रवाई नहीं की जा रही है। आरोपी खुले आम घूम रहे हैं और परिवार पर लगातार दबाव बना रहे हैं। पीड़िता को आशंका है कि आरोपी दोबारा गंभीर घटना कर सकते हैं।
पीड़िता ने सीओ सहसवान से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। सीओ सहसवान के आदेश पर मुजरिया थाने की पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


