# दातागंज कोतवाली में पुलिस हिरासत में दलित युवक राजेश कोरी की हुई मौत का मामला
#न्याय के लिए अटसेना गांव में धरने पर बैठी राजेश कोरी की विधवा रूपवती कोरी का समर्थन करने पर तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जेल भेजे जाने के विरोध में अम्बेडकर पार्क में उपवास करने जा रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव को पुलिस प्रशासन ने रोका , नेकपुर स्थित आवास पर नायब तहसीलदार ने लिया ज्ञापन ।
# कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जमानत की एसडीएम द्वारा सुनवाई न करने और जेल भेजे जाने के खिलाफ दातागंज तहसील पर 5 सितंबर को उपवास करेंगे अजीत यादव
——————————————————————————
बदायूँ। 04 सितम्बर। दातागंज कोतवाली में पुलिस हिरासत में दलित युवक राजेश कोरी की हुई मौत के मामले में न्याय के लिए अटसेना गांव में धरने पर बैठी राजेश कोरी की विधवा रूपवती कोरी का समर्थन करने पर तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जेल भेजे जाने के विरोध में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव को शुक्रवार को पुलिस प्रशासन ने अम्बेडकर पार्क में उपवास नहीं करने दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ उपवास के लिए निकले कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव को नेकपुर स्थित आवास पर भारी पुलिस बल लगाकर रोक दिया गया। कांग्रेसियों ने बहुत देर तक योगी सरकार की तानाशाही के विरोध में नारेबाजी की और अम्बेडकर पार्क जाने के लिए अड़े रहे । बाद में नायब तहसीलदार ने आकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन लिया। ज्ञापन में राजेश कोरी की दातागंज कोतवाली में पुलिस हिरासत में हुई मौत के मामले की हाईकोर्ट के जज से न्यायिक जांच कराने ।दोषी पुलिस कर्मियों पर मुकदमा दर्ज करने,राजेश कोरी की विधवा रूपवती कोरी को सरकारी नौकरी और दातागंज कस्बे में आवास दिए जाने,परिजनों को एक करोड़ रुपए मुआवजा और राजेश कोरी के चार बच्चों को मुफ्त शिक्षा की व्यवस्था करने और जेल में बंद तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रिहा करने आदि मांगें उठाई गईं ।
ज्ञात हो कि राजेश कोरी की विधवा रूपवती 3 सितंबर को अटसेना गांव में अम्बेडकर प्रतिमा के सामने अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गई थीं। उनका समर्थन करने पहुंचे कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव को अटसेना गांव में धरनास्थल से गिरफ्तार कर लिया और बिनावर थाने में हिरासत में रखा गया था । देर रात उन्हें बदायूँ में नेकपुर स्थित आवास पर पुलिस बल लगाकर नजरबंद कर दिया गया था। उनके साथ मौजूद यूथ कांग्रेस दातागंज ब्लॉक अध्यक्ष विजय बहादुर, सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष नवनीत यादव और ड्राइवर सुभाष जाटव को गिरफ्तार कर देर रात जेल भेज दिया गया ।
योगी सरकार की तानाशाही से नाराज कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने शुक्रवार को अम्बेडकर पार्क में उपवास का ऐलान किया था। उपवास से रोके जाने के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने कहा कि योगी सरकार पुलिस के बल पर विपक्ष की आवाज को दबा रही है। भाजपा राज में सूबे में दलितों गरीब गुरबों पर सरकारी संरक्षण में अत्याचार हो रहे हैं। दलित राजेश कोरी की विधवा रूपवती कोरी की न्याय की आवाज को भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन दबा रहा है। समर्थन करने पर कांग्रेसियों को जेल भेजा जा रहा है। एसडीएम दातागंज द्वारा जेल में बंद तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शुक्रवार को जमानत न दिए जाने की निंदा करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि वे शनिवार 5 सितंबर को एसडीएम दातागंज के कार्यालय के सामने उपवास करके प्रशासन द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दमन करने का विरोध दर्ज कराएंगे।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने कहा कि राजेश कोरी की पुलिस हिरासत में मौत और उसके बाद न्याय की आवाज को दबाने से भाजपा सरकार का दलित विरोधी चरित्र बेनकाब हो गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजेश कोरी की विधवा रूपवती कोरी को न्याय दिलाने के लिए अंतिम दम तक संघर्ष करेगी। कांग्रेसी गिरफ्तारी और जेल जाने से डरने वाले नहीं हैं दलितों को न्याय दिलाने के लिए कोई भी कुर्बानी देने को तैयार हैं। उन्होंने कोरी ,जाटव समेत दलित समाज से 2027 के चुनाव में दलित विरोधी भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।
आज के कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव के साथ कांग्रेस जिला महासचिव आलोक सिंह, जिला सचिव राजीव पटेल , कांग्रेस विधि विभाग के जिलाध्यक्ष सूरज पाल सोलंकी, एससी कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मुनेंद्र कन्नौजिया ,जिला सचिव मंजेश यादव , उझानी नगर अध्यक्ष बबलू लोहार , म्याऊं ब्लॉक अध्यक्ष अरुण सिंह , शिव सिंह राठौर , अरविंद यादव , खुशीराम यादव , डा खलील अहमद समेत दर्जनों कांग्रेसी मौजूद रहे।


bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


