*सहसवान, बदायूं।* नगर के तकिया मुहल्ले में लगने वाली साप्ताहिक पैठ से भैंसों को भरकर ले जा रहे ट्रक को छोड़ने के आरोप में सहसवान कोतवाली के एक दारोगा और एक सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। उन पर आरोप है कि 12 पशुओं को क्रूरतापूर्ण तरीके से ठूंस-ठूंस कर भरे जाने के बाद भी ट्रक को छोड़ दिया गया। एसएसपी ने प्राथमिक जांच के आधार पर दोनों पर कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार सहसवान के तकिया मुहल्ले में हर गुरुवार को साप्ताहिक पैठ यानी पशु बाजार लगता है। यहां कई व्यापारी पशु खरीदने और बेचने आते हैं। गुरुवार शाम करीब चार बजे एक चालक ट्रक में 12 भैंस भरकर ले जा रहा था। इसमें एक भैंस की मौत हो गई। पशु प्रेमी गौरव कुमार ने ट्रक रुकवाकर इसकी सूचना यूपी-112 पुलिस को दे दी।
यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंची और थाना पुलिस को बुलाया। सहसवान कोतवाली से दारोगा बलवीर सिंह और सिपाही गौरव प्रवार मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृत भैंस को वहीं पास में गड्ढा खुदवाकर दफन करवा दिया।
इसके बाद आरोप लगाते हुए एक्स हैंडल पर पोस्ट की गई कि पुलिस ने क्रूरतापूर्ण तरीके से भरे पशुओं से लदा ट्रक छोड़ दिया। एक्स हैंडल की पोस्ट प्रसारित होते ही पुलिस अधिकारी सक्रिय हुए। एसएसपी अंकिता शर्मा ने इंस्पेक्टर सहसवान नरेश कुमार सिंह से मामले की जानकारी ली। इसके बाद प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुए दारोगा बलवीर सिंह व सिपाही गौरव कुमार को निलंबित कर दिया।
वहीं दोनों पुलिस कर्मियों का कहना है कि वह जब मौके पर पहुंचे तो शिकायतकर्ता ने सिर्फ मृत भैंस को दफनाने की मांग की थी। उनके पहुंचने से पहले भैंस को उतार लिया गया था व ट्रक वहां नहीं था।
एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर ट्रक चालक को हिरासत में लेना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। प्रथम दृष्टया जांच में दोनों की लापरवाही उजागर हुई है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


