बिल्सी नगर में बाईपास किनारे खुले में फेंके जा रहे सड़े आलू स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। इनकी तेज बदबू और मक्खियों की बढ़ोतरी से राहगीरों का सांस लेना मुश्किल हो गया है, वहीं आसपास के दुकानदारों का व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।
कुछ कोल्ड स्टोर संचालक अनुपयोगी और सड़े हुए आलुओं को सड़क किनारे और खाली जगहों पर फेंक रहे हैं। बदबू इतनी ज्यादा है कि दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को मुंह पर कपड़ा ढककर निकलना पड़ रहा है।
गर्मी और सड़न से उठ रही बदबू के कारण संक्रामक बीमारियां फैलने का गंभीर खतरा बना हुआ है।
स्थानीय निवासियों में इस स्थिति को लेकर नाराजगी है। राहगीर हरिओम गुप्ता ने बताया कि दिनभर बदबू के कारण घरों के खिड़की-दरवाजे बंद रखने पड़ते हैं। मच्छर और मक्खियों की संख्या अचानक बढ़ गई है।
अधिवक्ता सोमेंद्र पाल ने कहा कि बदबू की वजह से ग्राहक दुकानों पर रुकने से कतराते हैं,
बंटी शर्मा ने बताया सड़क से गुजरने वाले लोगों को तीव्र दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है। जिससे उनका कारोबार ठप हो रहा है।
नगरवासियों ने पालिका प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से तुरंत ध्यान देकर सड़क किनारे से सड़े आलू हटवाने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
बिल्सी तहसीलदार प्रभा सिंह ने बताया सड़क किनारे आलू डालने का मामला उनके संज्ञान में आया है संबंधित कोल्ड स्टोर संचालक को आलू हटाने के लिए निर्देश दिए जाएंगे।


bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


