बदायूँ। लॉर्ड कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास एवं भव्यता के साथ मनाया गया। नर्सरी से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भारतीय संस्कृति की शानदार झलक प्रस्तुत की।
विद्यालय परिसर को फूलों, रंग-बिरंगी रोशनी एवं आकर्षक सजावट से भव्य रूप दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं बाल गोपाल के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने कान्हा जन्म, माखन चोरी, कालिया नाग दमन, गोवर्धन पर्वत धारण, राधा-कृष्ण रास, दही-हांडी एवं डांडिया की प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन श्री वेदव्रत त्रिवेदी, वाइस चेयरमैन श्री तेजस्व त्रिवेदी, निदेशिका श्रीमती छवि शर्मा एवं श्रीमती रीता शर्मा, शैक्षिक निदेशक श्री देवव्रत त्रिवेदी एवं प्रधानाचार्य श्री दीपक त्यागी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
चेयरमैन श्री वेदव्रत त्रिवेदी ने कहा, “श्रीकृष्ण का जीवन हमें श्रेष्ठ कर्म करने की प्रेरणा देता है। ‘कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन’ प्रत्येक विद्यार्थी के लिए सफलता, अनुशासन एवं चरित्र-निर्माण का मूलमंत्र है।” उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने के साथ उनमें आत्मविश्वास एवं रचनात्मकता का विकास करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


