7:32 pm Thursday , 3 September 2026
BREAKING NEWS

शिव देवी सरस्वती शिशु मन्दिर में श्री राधा-कृष्ण स्वरूप सज्जा कार्यक्रम संपन्न।

जन्माष्टमी कार्यक्रम पर नन्हे-मुन्नों ने राधा-कृष्ण के मनमोहक स्वरूप में मोहा मन।

बदायूँ। विद्या भारती विद्यालय शिव देवी सरस्वती शिशु मन्दिर, सिविल लाइन्स, बदायूँ में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में राधा-कृष्ण स्वरूप सज्जा कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा अरुण से द्वितीय तक के नन्हे-नन्हे भैया-बहिनों ने राधा-कृष्ण के मनमोहक स्वरूप में सजकर प्रतिभाग किया। बच्चों ने श्रीकृष्ण से संबंधित गीत, प्रसंग एवं नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में भक्ति एवं उल्लास का रंग भर दिया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती की वन्दना के साथ हुआ। विद्यालय के व्यवस्थापक वीरेंद्र पाल झा, कार्यक्रम अध्यक्ष रोहिताश आर्या एवं मुख्य अतिथि विनोद कुमार (अभिभावक) ने सामूहिक रूप से माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुशील कुमार ने मंचासीन अतिथियों का परिचय कराया।
राधा-कृष्ण के रूप में सजे नन्हे-मुन्ने भैया-बहिन सभी के आकर्षण का केंद्र रहे। उनकी मनमोहक वेशभूषा और भाव-भंगिमाओं ने उपस्थित अभिभावकों एवं आचार्य-आचार्याओं का मन मोह लिया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरा विद्यालय परिसर राधा-कृष्ण की भक्ति में सराबोर होकर कृष्णमय हो गया हो।
इस अवसर पर विद्यालय के व्यवस्थापक वीरेंद्र पाल झा ने कहा कि आज ये बच्चे भगवान के स्वरूप में विद्यालय आए हैं। हमारी अपेक्षा है कि बड़े होकर भी ये भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों से प्रेरणा लेकर अच्छे कार्य करें और श्रेष्ठ इंसान बनें। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आचार्य रूपेंद्र सिंह ने श्री कृष्ण के जन्म के विषय में विस्तार से जानकारी प्रदान की उन्होंने कहा की कृष्ण जी का जन्म विषम परिस्थितियों में हुआ लेकिन उन्होंने अपने आचरण से सभी ब्रज वासियों को संगठित कर परिस्थितियों से लड़ना और जीतना सिखाया।
कार्यक्रम अध्यक्ष रोहिताश आर्या ने अपने आशीर्वचन में कहा कि ऐसे सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों से बच्चों में रचनात्मकता, आध्यात्मिकता, ईश्वर के प्रति आस्था तथा शुद्ध आचरण की भावना का विकास होता है। उन्होंने सभी भैया-बहिनों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित आचार्य-आचार्या स्टाफ, अभिभावकगण एवं मंचासीन अतिथियों ने श्रीकृष्ण जी की आरती की तथा राधा-कृष्ण के स्वरूप में सजे बच्चों का पूजन-अर्चन किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुशील कुमार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं भैया-बहिनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन श्री कौशल किशोर पाठक ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के मीडिया प्रभारी एवं वरिष्ठ आचार्य श्री लालाराम वर्मा, भोलेनाथ पाठक, रूपेंद्र सिंह, सुबोध मिश्रा, नरेश पाल सिंह, राकेश मिश्रा, निरंजन सिंह, अविलेश यादव, अनुराग मिश्र, राजीव कुमार सिंह, देवेन्द्र कुमार तथा आचार्याओं कु. आयुषी, रिया राजपूत, ज्योत्सना सिंह, कंचन गुप्ता, अंचल पाठक, पूजा शर्मा, सुमन शर्मा एवं प्रियंका सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

विज्ञापन एक्सप्रेस