4:57 pm Tuesday , 1 September 2026
BREAKING NEWS

बरेली- शिक्षा अदालत से बच्चों को सिखाए रेल सुरक्षा के नियम

बरेली: शिक्षा अदालत से बच्चों को सिखाए रेल सुरक्षा के नियम।

बरेली 1 सितंबर 2026।

पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में रेल सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को स्कूली बच्चों को जागरूक किया गया। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी रजत प्रताप सिंह के निर्देशन में मकरंदपुर-बदायूं रेल खंड पर स्थित दो प्राथमिक विद्यालयों में ‘शिक्षा अदालत’ लगाई गई।

शिक्षा अदालत में संरक्षा सलाहकारों ने बच्चों को रेल पटरियों के प्रति बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। बच्चों से कहा गया कि अनाधिकृत जगह से कभी भी रेलवे ट्रैक पार न करें। हमेशा अधिकृत रेलवे समपार फाटक या निर्धारित मार्ग से ही ट्रैक पार करें। फाटक बंद होने पर गेटमैन पर फाटक खोलने के लिए दबाव न डालें।

सलाहकारों ने बच्चों को रेलवे फाटकों से दूर रहने, ट्रैक और बिजली के खंभों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी। रेलवे लाइन के पास पशुओं को न चराने और ट्रैक के किनारे पतंग न उड़ाने के लिए भी जागरूक किया गया। विद्युतीकृत खंड पर ओएचई मास्ट और बिजली के उपकरणों को न छूने की हिदायत दी गई।

संरक्षा सलाहकारों ने कहा कि रेलवे ट्रैक खेल का मैदान नहीं है। थोड़ी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। बच्चों से अपील की गई कि वे खुद नियमों का पालन करें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।

इस दौरान बच्चों और स्थानीय लोगों में रेल संरक्षा से जुड़े हैंडबिल और पोस्टर भी बांटे गए।

विज्ञापन एक्सप्रेस