राजकीय महिला महाविद्यालय, बदायूं दिनांक 1 सितंबर 2026 को महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डा.) संध्या सक्सेना के नेतृत्व में गृह विज्ञान विभाग द्वारा राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के अंतर्गत दिनांक 01 सितंबर 2026 को गृह विज्ञान विषय की छात्राओं के लिए ‘खाद्य पदार्थ के पोषक तत्वों को पहचानो’ नामक ज्ञानवर्धक एवं रोचक गतिविधि का आयोजन किया गया ।कार्यक्रम के दौरान गृह विज्ञान विभाग की प्रभारी डॉ. भावना सिंह ने छात्राओं को विभिन्न खाद्य पदार्थों एवं व्यंजनों के चित्र प्रदर्शित किए। छात्राओं ने चित्रों को देखकर उनमें उपस्थित प्रमुख पोषक तत्वों की पहचान की तथा उनके स्वास्थ्य संबंधी महत्व के बारे में जानकारी दी। गतिविधि के माध्यम से छात्राओं को कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, वसा, विटामिन, खनिज लवण एवं अन्य आवश्यक पोषक तत्वों के स्रोतों की पहचान करने का व्यावहारिक अवसर प्राप्त हुआ। इस अवसर पर प्राचार्या प्रो. (डा.) संध्या सक्सेना ने कहा कि संतुलित एवं पौष्टिक आहार स्वस्थ जीवन का आधार है। दैनिक भोजन में विभिन्न पोषक तत्वों का उचित समावेश स्वास्थ्य एवं शारीरिक-मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को पोषण संबंधी जागरूकता को अपने परिवार एवं समाज तक पहुँचाने के लिए प्रेरित किया। गतिविधि में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस आयोजन का उद्देश्य छात्राओं में संतुलित आहार, पोषण एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा उन्हें दैनिक जीवन में पौष्टिक खाद्य पदार्थों का चयन करने के लिए प्रेरित करना रहा।



bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


