2:59 pm Tuesday , 1 September 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में 12 घंटे में अपहृत युवक सकुशल बरामद, गंगा एक्सप्रेसवे पर छोड़कर भागे अपहर्ता

बदायूं में 12 घंटे में अपहृत युवक सकुशल बरामद, गंगा एक्सप्रेसवे पर छोड़कर भागे अपहर्ता।

बदायूं 1 सितंबर।

बिसौली कोतवाली क्षेत्र से अपहृत एक युवक को पुलिस ने 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। युवक को गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर फिरोजपुर गांव के पास से बरामद किया गया। पुलिस मामले में नामजद दो आरोपियों सहित चार-पांच अज्ञात लोगों की तलाश कर रही है।

निजरा गांव निवासी रामबाबू पुत्र दीनदयाल ने अपने भाई लल्लाबाबू के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत के अनुसार, लल्लाबाबू 29 अगस्त को रन सिंह, राजेश, शिवम, जसवीर, धर्मेंद्र और वीरेश के साथ नैनीताल जिले में नीम करौली घूमने गए थे।

30 अगस्त की रात करीब 11 बजे रामबाबू को सूचना मिली कि सिचौली निवासी अर्जुन और कालूपुर निवासी संजीव, लल्लाबाबू को अपने साथ ले गए हैं। उनके साथ चार-पांच अन्य लोग भी थे। आरोप है कि आंवला-आसफपुर रोड पर कुन्नू बाबूजी की कोठी के सामने लल्लाबाबू को एक अर्टिगा वाहन से उतारकर अर्जुन, संजीव और उनके साथियों ने स्कॉर्पियो में डालकर अपहरण कर लिया।

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने लल्लाबाबू की तलाश के लिए तत्काल कई टीमें गठित कीं। उसके मोबाइल फोन की लोकेशन से पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। पुलिस की दो टीमें बुलंदशहर और फरीदाबाद भी भेजी गईं।

इसी बीच, अपहर्ताओं ने लल्लाबाबू को गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर फिरोजपुर गांव के पास छोड़ दिया। पुलिस ने उसे वहीं से सकुशल बरामद कर लिया। युवक के मिलने के बाद बुलंदशहर और फरीदाबाद भेजी गई टीमों को वापस बुला लिया गया और लल्लाबाबू को उसके परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस अब मामले में नामजद आरोपी अर्जुन और संजीव के साथ अन्य अज्ञात अपहर्ताओं की तलाश कर रही है। अपहरण में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो वाहन की भी खोजबीन जारी है।

विज्ञापन एक्सप्रेस