11:08 am Tuesday , 1 September 2026
BREAKING NEWS

सिलहरी क्षेत्र के चार गांवों में चार दिन से बंद पड़े 50-60 नलकूप, किसानों ने उपकेंद्र पर किया हंगामा

सिलहरी क्षेत्र के चार गांवों में चार दिन से बंद पड़े 50-60 नलकूप, किसानों ने उपकेंद्र पर किया हंगामा

सिलहरी। पीएस पटेल की रिपोर्ट।

विद्युत उपकेंद्र सिलहरी क्षेत्र के चार गांवों बरातेगदार, रजलामई, कुनार और जिनौरा में नलकूपों की विद्युत लाइन पिछले चार दिनों से बंद होने से किसानों में आक्रोश फैल गया। नलकूप बंद होने के कारण करीब 50 से 60 नलकूपों से फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है।

किसानों का आरोप है कि नलकूपों की लाइन को लेकर संबंधित लाइनमैन द्वारा सुविधा शुल्क की मांग की गई। किसानों के मुताबिक सुविधा शुल्क न देने पर लाइन काट दी गई और बाद में इसे लोकल फॉल्ट बताकर मामला टाल दिया गया। किसानों का कहना है कि चार दिन बीत जाने के बाद भी फॉल्ट तलाश नहीं किया जा सका, जिससे उनकी फसलें प्रभावित हो रही हैं।

मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में आक्रोशित किसान विद्युत उपकेंद्र सिलहरी पहुंचे और हंगामा करते हुए नलकूपों की विद्युत आपूर्ति तत्काल बहाल करने की मांग की। किसानों ने कहा कि समय पर सिंचाई नहीं होने से फसलों को नुकसान होने की आशंका है।

मामले की जानकारी एसडीओ शरद प्रताप सिंह को हुई तो उन्होंने संबंधित अधीनस्थ कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल विद्युत लाइन चालू कराने के निर्देश दिए। एसडीओ ने किसानों को जल्द आपूर्ति बहाल किए जाने का आश्वासन दिया।

किसानों ने पूरे मामले की जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस