8:10 pm Monday , 31 August 2026
BREAKING NEWS

दबंगों पर घर में घुसकर मारपीट, तमंचे से फायरिंग और जान से मारने की धमकी का आरोप

बदायूं

दबंगों पर घर में घुसकर मारपीट, तमंचे से फायरिंग और जान से मारने की धमकी का आरोप

केशव गुप्ता

बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की मीरा सराय काशीराम आवास कॉलोनी निवासी एक महिला ने कुछ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट, तमंचे से फायरिंग करने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की है।
शिकायत के मुताबिक, 30-31 अगस्त की रात करीब दो बजे विपिन, गोविंदा उर्फ काजल (किक्कर) समेत तीन अज्ञात लोग कथित तौर पर महिला के घर में जबरन घुस आए। आरोप है कि आरोपियों ने कार की चाबी मांगी। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की गई। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि इसी दौरान विपिन ने तमंचे से फायर किया, जिससे परिवार में दहशत फैल गई। शोर सुनकर परिजनों के जागने और पुलिस को सूचना देने पर आरोपी मौके से चले गए।
महिला का आरोप है कि अगले दिन सुबह करीब पांच बजे आरोपी दोबारा लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर उसके घर पहुंचे तथा दरवाजे पर पथराव किया। आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी धमकी देते हुए वहां से चले गए।
शिकायत में महिला ने पुलिस पर भी आरोप लगाया कि कार्रवाई करने के बजाय उसके बेटे अरुण को चौकी पर बैठा लिया गया और चोरी के मुकदमे में जेल भेजने की धमकी दी गई। साथ ही महिला ने 20 हजार रुपये मांगने का भी आरोप लगाया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अंकिता शर्मा ने सीओ सिटी को जांच के आदेश दिए हैं। अब पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस