बारिश में तिरपाल के नीचे हुआ अंतिम संस्कार, अंत्येष्टि स्थल के अभाव ने ग्रामीणों को किया बेबस
बिल्सी। बारिश के बीच तिरपाल तानकर अंतिम संस्कार करने का एक मार्मिक मामला सामने आया है। बिल्सी तहसील क्षेत्र के अंतपुर गांव में अंत्येष्टि स्थल की सुविधा नहीं होने के कारण ग्रामीणों को सड़क किनारे अंतिम संस्कार करना पड़ा। अंतिम संस्कार के दौरान बारिश शुरू हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने तिरपाल तानकर किसी तरह चिता को बारिश से बचाया।
बताया गया कि शनिवार को सड़क हादसे में गांव के एक युवक की मौत हो गई थी। रविवार को परिजन और ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे। इसी दौरान बारिश होने लगी। अंतिम संस्कार में शामिल लोग खुद बारिश में भीगते रहे, जबकि चिता को बचाने के लिए तिरपाल का सहारा लेना पड़ा।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में ग्रामीण बारिश के बीच तिरपाल पकड़े नजर आ रहे हैं और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि अंतपुर गांव में आज तक उचित अंत्येष्टि स्थल की व्यवस्था नहीं हो सकी है। मजबूरी में लोगों को सड़क किनारे अथवा खेतों में अंतिम संस्कार करना पड़ता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में जल्द से जल्द व्यवस्थित अंत्येष्टि स्थल बनवाने की मांग की है, ताकि किसी परिवार को अपने प्रियजन के अंतिम संस्कार के लिए ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
बारिश के बीच तिरपाल के नीचे अंतिम विदाई का यह दृश्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


