8:11 pm Monday , 31 August 2026
BREAKING NEWS

संकट की घड़ी में नेपाल बाढ़ पीड़ितों के लिए एकत्रित की जा रही राहत सामग्री

बदायूं : स्काउट भवन एवं प्रशिक्षण केंद्र पर नेपाल में ग्लेशियर टूटने के बाद आई विनाशकारी त्रासदी में अपनों से बिछुड़े तथा घरों से बेघर हुए पीड़ितों की सहायता के लिए राहत सामग्री वितरण की रणनीति तैयार की गई। आपदा पीड़ितों को राहत सामग्री पहुंचाने और स्काउट टीम के नेपाल रवाना होने की तैयारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
स्काउट संस्था के प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला मुख्यायुक्त महेश चंद्र सक्सेना ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के समय मानव सेवा सबसे बड़ा धर्म बन जाता है। संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना हम सभी का नैतिक और मानवीय दायित्व है। उन्होंने बताया कि जिले की स्काउट टीम नेपाल में बाढ़ आपदा पीड़ितों के लिए राहत सामग्री लेकर 15 सितंबर को रवाना होगी।
स्काउट संस्था के पूर्व जिला मुख्यायुक्त डा. बीपी सिंह सोलंकी ने कहा कि स्काउटिंग का मूल उद्देश्य सेवा, अनुशासन और मानवता की रक्षा है। आपदा की घड़ी में स्काउट सदैव समाज के साथ खड़े होकर पीड़ितों की सहायता के लिए तत्पर रहते हैं। नेपाल के आपदा प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए बदायूं स्काउट टीम का आगे आना सेवा भावना का अनुकरणीय उदाहरण है। उन्होंने कहा कि छोटी से छोटी सहायता भी किसी पीड़ित परिवार के जीवन में बड़ी उम्मीद बन सकती है।
इंडियन स्काउट गाइड फैलोशिप के अध्यक्ष डा. एसके गुप्ता ने कहा कि प्राकृतिक आपदाएं केवल जन-धन की हानि ही नहीं करतीं, बल्कि अनेक परिवारों को मानसिक और सामाजिक रूप से भी प्रभावित करती हैं। ऐसे समय में राहत सामग्री के साथ संवेदना, सहयोग और आत्मीयता पहुंचाना भी अत्यंत आवश्यक है। जिला रोवर आयुक्त प्रोफेसर डा. मनवीर सिंह ने राहत कार्य के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि स्काउट-गाइड संगठन सदैव आपदा प्रबंधन, प्राथमिक सहायता और मानव सेवा के लिए प्रशिक्षित स्वयंसेवकों को तैयार करता रहा है।
बैठक में राहत सामग्री एकत्र करने, उसके वर्गीकरण, पैकिंग, परिवहन तथा वितरण को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पदाधिकारियों ने नेपाल के आपदा पीड़ितों की सहायता के लिए अधिक से अधिक लोगों से सहयोग करने की अपील की। इस मौके पर कोषाध्यक्ष विनोद कुमार सक्सेना, श्रवण कुमार थरेजा, प्रेमपाल सिंह, ओम प्रकाश शर्मा, जिला सचिव आलोक कुमार पाठक, सुभाष मैथिल, महिपाल सिंह, विजय कुमार सक्सेना, नंदराम शाक्य, मुनेंद्र बहादुर सक्सेना, आदित्य यादव आदि मौजूद रहे। संचालन जिला संगठन कमिश्नर मुहम्मद असरार एवं पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने किया।

विज्ञापन एक्सप्रेस