7:20 pm Sunday , 30 August 2026
BREAKING NEWS

जन्माष्टमी को लेकर बाजार कृष्णमय, नन्हे कान्हा-राधा की ड्रेस और मुकुट की बढ़ी डिमांड

जन्माष्टमी को लेकर बाजार कृष्णमय, नन्हे कान्हा-राधा की ड्रेस और मुकुट की बढ़ी डिमांड।

उझानी-बदांयू 30 अगस्त।

राजेश वार्ष्णेय एमके
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के नजदीक आते ही उझानी क्षेत्र में उत्सव की रौनक बढ़ गई है। शहर से लेकर ग्रामीण अंचल तक माताएं अपने लल्ला को नंदलाल और लाडली को श्री राधा रानी के स्वरूप में सजाने की तैयारी में जुट गई हैं। यही वजह है कि नगर के मुख्य बाजारों में बच्चों की राधा-कृष्ण पोशाकों और श्रृंगार सामग्री की दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है।

इस बार बाजार में डिजाइनर कलेक्शन आया है। बच्चों के लिए छोटी धोती-कुर्ता, पीतांबरी ड्रेस, राजस्थानी घाघरा-चोली और बनारसी वर्क वाली पोशाकें सबसे ज्यादा पसंद की जा रही हैं।

पोशाकों के साथ श्रृंगार का सामान भी खूब बिक रहा है। मोरपंख वाला मुकुट, छोटी बांसुरी, वैजयंती माला, मोतियों की माला, बाजूबंद, कुंडल, कमरबंद और घुंघरू की मांग में जबरदस्त उछाल है। बाल-राधा के श्रृंगार के लिए नथ, बिंदी, चुनरी और चांदी जैसी पायल के सेट महिलाओं की पहली पसंद बने हैं।

बाजार के व्यापारी अन्नू वार्ष्णेय ने बताया कि पिछले सालों के मुकाबले इस बार ट्रेंड बदला है। अब केवल घर में ही नहीं, बल्कि प्ले स्कूल, कॉन्वेंट स्कूल और मोहल्ले में होने वाली फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता के लिए भी माताएं अपने बच्चों को राधा-कृष्ण के रूप में तैयार कर रही हैं। इसलिए सुंदर से सुंदर पोशाक की मांग बढ़ गई है।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस