9:48 pm Saturday , 29 August 2026
BREAKING NEWS

त्योहार बीतने के बाद जागा खाद्य सुरक्षा विभाग, कुंवरगांव में छापेमारी से मचा हड़कंप

त्योहार बीतने के बाद जागा खाद्य सुरक्षा विभाग, कुंवरगांव में छापेमारी से मचा हड़कंप

दो दुकानों से लिए सैंपल, कई व्यापारी दुकानें बंद कर भागे; व्यापारियों ने लगाया भेदभाव का आरोप

कुंवर गांव संवाददाता

कुंवरगांव बदांयू । रक्षाबंधन का त्योहार बीतने के बाद शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कुंवरगांव नगर पंचायत में छापेमारी की। दोपहर करीब तीन बजे खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में पहुंची टीम को देखकर मुख्य बाजार के कई दुकानदारों में हड़कंप मच गया। टीम की गाड़ियां देखते ही कई किराना और मिष्ठान कारोबारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। करीब तीन घंटे तक चली कार्रवाई में टीम ने थोक किराना और मिष्ठान की दो दुकानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए और उन्हें सील कर जांच के लिए भेजने की कार्रवाई की।
थोक किराना और मिष्ठान की दुकान से लिए सैंपल
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब तीन बजे खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार की अगुवाई में विभागीय टीम कुंवरगांव कस्बे में पहुंची। टीम ने सबसे पहले बिजलीघर के सामने स्थित गगन की थोक किराना दुकान से खाद्य पदार्थ का सैंपल लिया। इसके बाद टीम संजय मार्केट पहुंची, जहां एक मिष्ठान की दुकान से दूसरा सैंपल भरा गया। टीम करीब तीन घंटे तक कस्बे में मौजूद रही और शाम लगभग छह बजे सैंपल सील करने के बाद वापस लौट गई।

टीम को देखते ही कई दुकानों के गिर गए शटर

अचानक हुई छापेमारी से कस्बे के व्यापारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टीम के मुख्य बाजार की ओर बढ़ने की जानकारी मिलते ही कई छोटे-बड़े किराना और मिठाई कारोबारियों ने दुकानें बंद कर दीं। कुछ दुकानदार मौके से निकल गए। व्यापारियों का कहना है कि कार्रवाई की भनक लगते ही देखते ही देखते बाजार की कई दुकानें बंद हो गईं।

त्योहार के बाद कार्रवाई पर उठे सवाल

खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई को लेकर स्थानीय व्यापारियों और कुछ लोगों ने सवाल उठाए हैं। व्यापारियों का आरोप है कि विभाग ने त्योहार से पहले या रक्षाबंधन के दिन बाजार में जांच नहीं की, जबकि त्योहार के दौरान मिठाइयों, खोया और अन्य खाद्य पदार्थों की बिक्री काफी बढ़ जाती है। उनका कहना है कि यदि मिलावट की जांच करनी थी तो कार्रवाई त्योहार से पहले की जानी चाहिए थी।

कुछ व्यापारियों ने विभाग पर भेदभावपूर्ण कार्रवाई करने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि सभी दुकानों की जांच करने के बजाय चुनिंदा दुकानों से ही सैंपल लिए गए। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

कार्रवाई का कारण पूछने पर अधिकारी ने नहीं दिया स्पष्ट जवाब

खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार से त्योहार बीतने के अगले दिन छापेमारी किए जाने का कारण पूछा गया तो उन्होंने स्पष्ट जवाब देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, “हम कुछ नहीं बता सकते।” जब उनसे दोबारा पूछा गया कि त्योहार के दूसरे दिन ही छापेमारी करने का क्या कारण था, तो उन्होंने जवाब दिया, “आप यही समझ लो कि छापामारी करने गए।
अब सैंपलों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि लिए गए खाद्य पदार्थ मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं। वहीं, स्थानीय व्यापारियों द्वारा लगाए गए भेदभाव के आरोपों को लेकर विभाग की ओर से कोई स्पष्ट सफाई सामने नहीं आई है।

विज्ञापन एक्सप्रेस