।
बदायूं 29 अगस्त ।
जिले में संक्रामक रोगों ने पैर पसार लिए हैं। पूरा जिला बुखार से तप रहा है। शहर से लेकर देहात तक हर घर में बुखार के मरीज मिल रहे हैं। डेंगू और मलेरिया के केस भी तेजी से बढ़ रहे हैं।
हैरानी की बात ये है कि जमीनी स्तर पर हालात बिगड़े हुए हैं, लेकिन सीएमओ के रिकॉर्ड में सब ओके दिखाया जा रहा है। शासन स्तर पर रोजाना मॉनिटरिंग हो रही है, लेकिन वहां भी कागजी आंकड़े ही भेजे जा रहे हैं।
जिले में सबसे ज्यादा बुरा हाल जगत ब्लॉक का है। यहां कई गांवों को बुखार प्रभावित घोषित किया गया है। बीबीपुर गांव में तो हर घर में आधे से ज्यादा लोग बुखार से पीड़ित हैं।
इसके अलावा दातागंज, समरेर, वजीरगंज और दहगवां ब्लॉक में भी संक्रमण तेजी से फैला है। जिला अस्पताल में पिछले कई दिनों से वायरल इंफेक्शन के मरीजों की लाइन लगी है।
स्वास्थ्य विभाग ने इस बार बरसात से पहले चलने वाला विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान भी सिर्फ कागजों में ही चला दिया, जिससे संक्रमण और फैल गया।
इस मामले में सीएमओ डॉ. विकास शर्मा का कहना है कि जहां से भी डेंगू, मलेरिया या संक्रामक रोग की सूचना मिल रही है, वहां टीमें काम कर रही हैं। काफी हद तक रोगों पर काबू पा लिया गया है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


