7:47 pm Saturday , 29 August 2026
BREAKING NEWS

पुलिस हिरासत में राजेश कोरी की मौत के विरोध में कांग्रेस जिलाध्यक्ष का सत्याग्रह

बदायूं, 29 अगस्त। दातागंज कोतवाली में पुलिस हिरासत में अटसेना गांव निवासी दलित युवक राजेश कोरी की मौत के मामले को लेकर कांग्रेस ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने नेकपुर स्थित अपने आवास पर सत्याग्रह करते हुए मामले की न्यायिक जांच हाईकोर्ट के जज से कराने, हत्या की एफआईआर दर्ज करने और मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष के अनुसार, राजेश कोरी की मौत की सूचना मिलने के बाद वह उसके अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें शनिवार को उनके आवास पर ही रोककर हाउस अरेस्ट कर दिया। लगातार तीन दिनों से हाउस अरेस्ट किए जाने और अंत्येष्टि में शामिल होने से रोके जाने से नाराज अजीत यादव सत्याग्रह पर बैठ गए। जानकारी मिलने पर कांग्रेस कार्यकर्ता भी उनके आवास पर पहुंचने लगे।

दोपहर करीब 2 बजे नायब तहसीलदार सृजन यादव सत्याग्रह स्थल पर पहुंचे और कांग्रेस जिलाध्यक्ष से ज्ञापन लिया। ज्ञापन में राजेश कोरी की मौत की हाईकोर्ट के जज से न्यायिक जांच कराने, हत्या की एफआईआर दर्ज करने और परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग की गई।

अजीत यादव ने आरोप लगाया कि राजेश कोरी की मौत पुलिस हिरासत में हुई है और सरकार व पुलिस प्रशासन इसकी जिम्मेदारी से बच नहीं सकते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजेश कोरी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को मामले की जानकारी देने और बदायूं आने का अनुरोध करने की बात भी कही। उनके मुताबिक अजय राय ने जल्द अटसेना गांव पहुंचकर राजेश के परिजनों से मिलने का आश्वासन दिया है।

सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस नेताओं ने बिसौली क्षेत्र के राजा की सीकरी गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगाने से रोकने का मुद्दा भी उठाया। जिला उपाध्यक्ष बफाती मियां और दीपक मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस दलित समाज के साथ मजबूती से खड़ी है। जिला सचिव राजीव पटेल और मोरध्वज लोधी ने प्रतिमा को उसी स्थान पर स्थापित किए जाने की मांग की, जहां से उसे हटाया गया था।

इस दौरान जिला उपाध्यक्ष बफाती मियां, दीपक मिश्रा, जिला कोषाध्यक्ष साजिद खान, ककराला नगर अध्यक्ष शहजादा रिजवान, जिला सचिव राजीव पटेल, मोरध्वज लोधी, मंजेश यादव, अरविंद यादव, बन्ने खान, सुरेंद्र सिंह, टिंकू यादव, अकरम खान, नहीम अंसारी, विपिन यादव, शहरु समेत दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस