4:44 pm Saturday , 29 August 2026
BREAKING NEWS

रक्षाबंधन मनाकर लौट रहे बदायूं के दंपती से संभल में तमंचे के बल पर लूट

रक्षाबंधन मनाकर लौट रहे दंपती से तमंचे के बल पर लूट, महिला के कान से कुंडल नोचे

संभल। रक्षाबंधन मनाकर ससुराल से बाइक से घर लौट रहे दंपती को तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर रोक लिया और नकदी, मोबाइल समेत जेवर लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने महिला के कानों से कुंडल नोच लिए, जिससे वह लहूलुहान हो गई। शोर मचाने पर ग्रामीणों ने पीछा कर एक बदमाश को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

बताया गया कि बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव कोरारा निवासी सोनू की ससुराल बिलारी के गांव सायपुर में है। रक्षाबंधन पर सोनू अपनी पत्नी अंशू के साथ ससुराल गया था। शुक्रवार रात दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के डारनी बिजली उपकेंद्र के पास तीन बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली।

बदमाशों ने दंपती पर तमंचे तानकर नकदी और जेवर देने को कहा। आरोप है कि बदमाशों ने सोनू से करीब पांच हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। इसके बाद बदमाशों की नजर अंशू के कानों में पहने कुंडलों पर पड़ी। कुंडल देने से मना करने पर बदमाशों ने उन्हें जबरन खींच लिया, जिससे अंशू के कानों से खून बहने लगा।

वारदात के बाद बदमाश मौके से भागने लगे। दंपती के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बदमाशों का पीछा किया। इस दौरान दो बदमाश भागने में सफल रहे, जबकि एक बदमाश को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन एक्सप्रेस