1:58 pm Saturday , 29 August 2026
BREAKING NEWS

बरेली के नवोदय हॉस्पिटल में लगी भीषण आग, धुएं से भरा पूरा अस्पताल, गोद में बच्चों को लेकर भागे परिजन

बरेली के नवोदय हॉस्पिटल में लगी भीषण आग, धुएं से भरा पूरा अस्पताल; गोद में बच्चों को लेकर भागे परिजन।

बरेली 29 अगस्त।

इज्जतनगर थाना क्षेत्र में मिनी बाईपास स्थित पांच मंजिला नवोदय हॉस्पिटल में शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे भीषण आग लग गई। देखते ही देखते धुआं पूरे अस्पताल में फैल गया। इससे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक आग अस्पताल की सबसे ऊपरी मंजिल पर बने रेस्ट रूम में लगी। बताया जा रहा है कि MCV बॉक्स में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़की। रेस्ट रूम में सोफे और अन्य सामान रखा होने से आग तेजी से फैली और भारी धुआं उठने लगा। धुआं कॉरिडोर के रास्ते नीचे की मंजिलों तक पहुंच गया, जिसके बाद सभी फ्लोर पर फायर अलार्म बजने लगे।

वार्ड में भर्ती मरीजों में चीख-पुकार मच गई। कर्मचारी गंभीर मरीजों को स्ट्रेचर पर लादकर बाहर ले जाने लगे। वार्ड में भर्ती नवजात बच्चों को परिजन गोद में लेकर भागते नजर आए।

सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आग अन्य फ्लोर तक नहीं फैली।

अस्पताल के संचालक डॉ. उमेश गंगवार ने बताया कि एहतियात के तौर पर पूरे अस्पताल को खाली करा लिया गया है। सभी मरीजों को पास के राज हॉस्पिटल और प्रसाप हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया है। स्टाफ भी वहीं मरीजों की निगरानी कर रहा है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

विज्ञापन एक्सप्रेस