बदायूं में रक्षाबंधन पर उमड़ी भीड़, ट्रेन-बसों में लटककर सफर करने को मजबूर हुए यात्री.
बदायूं, 29 अगस्त।
रक्षाबंधन पर घर पहुंचने की होड़ में बदायूं के रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डे पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बरेली, कासगंज और मथुरा रूट की ट्रेनों और बसों में जगह नहीं मिलने पर लोग दरवाजों और खिड़कियों पर लटककर सफर करते दिखे।
त्योहार पर घर पहुंचने के लिए हर किसी को जल्दी थी। शहर के रेलवे स्टेशन, पुराना बस स्टैंड और लालपुल चौराहे पर परिवहन व्यवस्था संभालना मुश्किल हो गया। कई यात्रियों ने जान की परवाह किए बिना बसों की छतों पर चढ़कर सफर किया। बदायूं रेलवे स्टेशन पर जनरल और स्लीपर कोच के बीच का अंतर ही खत्म होता नजर आया।
कोच पहले से ही फुल होने के कारण जगह के लिए धक्का-मुक्की हुई। भीड़ में बच्चे दबकर चिल्लाने लगे। कई यात्री दरवाजे पर लटककर तो कई शौचालय के पास बैठकर सफर करने को मजबूर दिखे। रेलवे द्वारा स्पेशल ट्रेनें चलाने और रोडवेज द्वारा अतिरिक्त बसें चलाने के दावों के बावजूद यात्रियों को राहत नहीं मिली और अव्यवस्था से यात्री परेशान रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


