बदांयू 27 अगस्त।
रक्षाबंधन के त्योहार को लेकर एक दिन पहले वृहस्पतिवार को शहर के बाजारों में खूब रौनक देखने को मिली। राखियों और मिठाइयों की खरीदारी के लिए दिनभर दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी रही।
शहर के मुख्य बाजार में महिलाओं और युवतियों की काफी चहल-पहल रही। त्योहार को लेकर कारोबारियों के चेहरे भी खिले नजर आए। कई किराना दुकानदारों ने भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानों के बाहर राखियों के विशेष स्टॉल लगाए थे।
स्टॉलों पर तरह-तरह की रंग-बिरंगी राखियां सजी रहीं। बाजार में इस बार रुद्राक्ष, चंदन, मोरपंख और भगवान की प्रतिमा वाली राखियों की सबसे अधिक मांग रही। बहनों ने भाइयों की पसंद को ध्यान में रखते हुए पारंपरिक से लेकर आकर्षक डिजाइन वाली राखियां खरीदीं। वहीं बच्चों के लिए बाजार में कार्टून और सुपरहीरो थीम वाली राखियों की भरमार रही।
दुकानदार आशीष ने बताया कि बाजार में 10 रुपये से लेकर 500 रुपये तक की राखियां उपलब्ध हैं। कीमत और डिजाइन के हिसाब से ग्राहक अपनी पसंद की राखियां खरीद रहे हैं।
कारोबारियों का कहना है कि बरसात के कारण पिछले कुछ समय से बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ था, जिससे कारोबार प्रभावित था। रक्षाबंधन के त्योहार ने बाजार में एक बार फिर रौनक लौटा दी है।
रक्षाबंधन पर्व को लेकर मिठाई की दुकानों में भी सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। मिठाई विक्रेताओं रमन और रमेश ने बताया कि त्योहार के लिए विशेष रूप से घेवर तैयार किया गया है, जिसकी सबसे अधिक डिमांड है।
इसमें घेवर 400 से 650 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से बिक रहा है। इसके अलावा डोडा बर्फी, गुलाब जामुन, पेड़ा और बेसन के लड्डू भी तैयार किए गए हैं।
इस बार रक्षाबंधन पर राखी बांधने का शुभ मुहूर्त सुबह 5:57 बजे से 9:48 बजे तक उत्तम माना गया है। राधा कृष्ण मंदिर के पुजारी ने बताया कि शुभ मुहूर्त की कुल अवधि करीब 3 घंटे 51 मिनट रहेगी। इसमें सुबह 7:33 से 9:10 बजे तक लाभ मुहूर्त और 9:10 से 9:48 बजे तक अमृत-सर्वोत्तम मुहूर्त रहेगा। भाई की कलाई पर राखी बांधने के लिए यह समय विशेष फलदायी माना जा रहा है।
यदि किसी कारण सुबह राखी बांधना संभव न हो तो दोपहर में भी शुभ समय उपलब्ध रहेगा। अपराह्न काल में दोपहर 12:23 बजे से 2:00 बजे तक राखी बांधी जा सकती है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


