उझानी दहेज के लिए विवाहिता की हत्या का आरोप, गंगा नहाने के बहाने बाइक पर ले जाकर मारने का दावा।
उझानी, बदायूँ 26 अगस्त।
कोतवाली उझानी क्षेत्र के ग्राम बरामालदेव में एक विवाहिता की दहेज के लिए हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष पर गंगा नहाने के बहाने घर से ले जाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली उझानी में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अलापुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला इमलिया नगला वार्ड संख्या- 6 निवासी पुष्पेन्द्र पुत्र स्व. केहरी सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने अपनी बहन रीना की शादी करीब 7 साल पहले हिन्दू रीति-रिवाज के अनुसार ग्राम बरामालदेव निवासी योगेश पुत्र लटूरी सिंह के साथ की थी।
आरोप है कि शादी के बाद से ही पति योगेश, सास राजकुमारी, जेठ आदेश पुत्र लटूरी व देवर गुड्डू अतिरिक्त दहेज के रूप में 2 लाख रुपये और एक सोने की चेन की मांग को लेकर रीना को प्रताड़ित करने लगे। जबकि मायके पक्ष ने अपनी हैसियत से अधिक दान दहेज दिया था। रीना ने मायके आकर पूरी बात परिवार को बताई, जिस पर परिवार के लोग ससुराल गए और समझाया-बुझाया भी, लेकिन ससुरालीजन नहीं माने।
पीड़ित भाई का आरोप है कि संतान न होने और दहेज की मांग पूरी न होने पर 22 अगस्त 2026 की रात करीब 10 बजे ससुरालीजन रीना को गंगा नहाने के बहाने मोटरसाइकिल पर बैठाकर घर से ले गए और उसकी हत्या कर दी। अगले दिन 23 अगस्त को फोन पर सूचना दी गई कि रीना कहीं खो गई है।
सूचना पर मायके वाले जब ससुराल पहुंचे तो काफी तलाश के बाद भी रीना का कोई पता नहीं चला। इसके बाद पीड़ित ने 24 अगस्त को कोतवाली उझानी पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। आज भी परिजनों ने कोतवाली आकर पुलिस को अपनी फरियाद बताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने की गुहार लगाई है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


