8:01 pm Wednesday , 26 August 2026
BREAKING NEWS

बिसौली। ईद मिलादुन्नबी के मौके पर जुलूस ए मोहम्मदी का भव्य आयोजन

बिसौली। नगर में ईद मिलादुन्नबी के मौके पर जुलूस ए मोहम्मदी का भव्य आयोजन हुआ। इस दौरान मक्का मदीना की झांकी और छोटे छोटे बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियां लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रही। जुलूस का जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर स्वागत किया।
बुधवार को नगर की बड़ी मस्जिद से जुलूस ए मोहम्मदी की शुरुआत नगर पालिका अध्यक्ष अबरार अहमद, बड़ी मस्जिद के इमाम कारी मो. अतीक उल कादरी बरकाती, हाफिज शरीफ जामी, मौलाना अफलाक रजा उवैसी, हाफिज शादाब रजा उवैसी और बड़ी मस्जिद के सदर मुन्ने खां ने हरी झंडी दिखाकर की। अलग-अलग स्थान से निकले जुलूस नगर की बड़ी मस्जिद के पास एकत्रित हुए इसके बाद सभी एक साथ विशाल जुलूस के रूप में नगर की ओर रवाना हुए। जुलूस के दौरान सरकार की आमद मरहबा और हुजूर की आमद मरहबा जैसे नारों से पूरा माहौल गूंजता रहा। जुलूस के रास्तों पर जगह-जगह फातिहाख्वानी, लंगर व सबील के इंतजाम किए गए थे। जुलूस में अदब व एहतराम के साथ हुजूर नबी ए करीम सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की शान में नात शरीफ के नजराने पेश किए जाते रहे, जबकि अकीदतमंद लगातार दुरुद ओ सलाम का विर्द करते रहे। पूरे रास्ते रूहानी और नूरानी माहौल बना रहा। विशाल जुलूस बड़ी मस्जिद से मोहल्ला सराय, रामबाबू की दुकान से होता हुआ पठान मोहल्ला, मालियों वाली गली से वीर बाबू की बगिया होता हुआ ईदगाह रोड से टंकी रोड गदरपुर पहुंचकर अपने परंपरागत रास्तों से होता हुआ बड़ी मस्जिद पर पहुंचा। जुलूस के दौरान क्षेत्र में आपसी भाईचारे और सौहार्द का माहौल देखने को मिला पुलिस एवं प्रशासन की कड़ी निगरानी में यह आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस दौरान मदरसे के प्रिंसिपल कारी मो. इफ्तेखार अशरफी, मौलाना रफीक खां, हाफिज मजहर खान, मदरसे के सदर इरशाद खां, बाजिद खान, मशहूद खां हमदम, काजी शाहनवाज खान, सपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश कोऑर्डिनेटर सतीश प्रेमी, विधानसभा अध्यक्ष सुरेंद्र पाल सिंह यादव, युवा समाजसेवी राशिद मंसूरी, जाकिर खान, भूरा कुरैशी आदि मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस