बदायूं
रक्षाबंधन पर नगर पंचायत उसावां का मार्केट हुआ गुलजार, खरीदारी को उमड़ी भीड़ से बाजार में बढ़ी रौनक
केशव गुप्ता
उसावां। रक्षाबंधन पर्व को लेकर नगर पंचायत उसावां का मार्केट इन दिनों पूरी तरह त्योहार के रंग में रंगा नजर आ रहा है। मेन मार्केट से लेकर प्रमुख दुकानों तक सुबह से देर शाम तक खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। रंग-बिरंगी राखियों से सजी दुकानों पर बहनों की पसंद का खास ख्याल रखा जा रहा है, वहीं मिठाई, कपड़े, गिफ्ट और कॉस्मेटिक की दुकानों पर भी जमकर खरीदारी हो रही है।
रक्षाबंधन से पहले बाजार में बढ़ी भीड़ ने दुकानदारों के चेहरे पर भी मुस्कान ला दी है। कोई भाई के लिए पसंदीदा राखी तलाश रहा है तो कोई बहन के लिए आकर्षक उपहार खरीदने में जुटा है। बच्चों में भी कार्टून और आकर्षक डिजाइन वाली राखियों को लेकर खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।
नगर पंचायत उसावां का मेन मार्केट शाम होते ही रोशनी और भीड़ से जगमगा उठता है। दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही और खरीदारी की चहल-पहल से पूरा बाजार गुलजार नजर आ रहा है। त्योहार को लेकर लोगों में उत्साह साफ दिखाई दे रहा है और बाजार में रक्षाबंधन की खुशियों की रंगत देखते ही बन रही है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


