वजीरगंज, बदायूं। ईद-उल-नबी एवं 12 वफात का पर्व कस्बा वजीरगंज सहित पूरे क्षेत्र में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया। इस अवसर पर कस्बे की विभिन्न मस्जिदों में नमाज अदा की गई तथा मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे की दुआ की गई।
नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जुलूस कस्बे के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। स्वागत स्थलों पर लोगों ने स्टॉल लगाकर जुलूस में शामिल लोगों को मिठाई, फल एवं शरबत वितरित किया।
इसी प्रकार क्षेत्र के कस्बा सैदपुर, ग्राम हतरा सहित आसपास के विभिन्न गांवों में भी ईद-उल-नबी का पर्व धार्मिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। मस्जिदों में नमाज और दुआ के बाद जुलूस निकाले गए, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। जुलूस के दौरान आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का संदेश देखने को मिला।
पर्व को लेकर पुलिस एवं प्रशासन भी सतर्क रहा। जुलूस के मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहे। शांतिपूर्ण ढंग से पर्व संपन्न होने पर लोगों ने पुलिस-प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


